मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहटा के सिकंदरपुर औद्योगिक क्षेत्र का किया निरीक्षण, महिला सशक्तिकरण और स्थानीय रोजगार की सराहना

पटना, 15 जून 2025।मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को बिहटा स्थित सिकंदरपुर औद्योगिक क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने तीन प्रमुख औद्योगिक इकाइयों का निरीक्षण कर वहां की कार्यप्रणाली और रोजगार व्यवस्था का जायजा लिया।

निरीक्षण के क्रम में मुख्यमंत्री सबसे पहले आर.के. शर्ट्स यूनिट पहुंचे। यहां उन्होंने शर्ट निर्माण कार्य देखा और मशीन संचालन, कटिंग, स्टिचिंग में लगी महिलाओं से बातचीत की। महिलाओं ने मुख्यमंत्री को उत्पादन प्रक्रिया की जानकारी दी, जिसे देख मुख्यमंत्री ने उनकी सराहना की। जानकारी के मुताबिक, इस यूनिट में फिलहाल 180 से अधिक स्थानीय युवक-युवतियां कार्यरत हैं और भविष्य में यह संख्या 1200 तक पहुँचने की उम्मीद है।

इसके बाद मुख्यमंत्री डी.वी. रंजन बैग क्लस्टर पहुंचे। यह इकाई हस्तनिर्मित और कॉर्पोरेट बैग्स तैयार करती है। यहां 80% से अधिक महिलाएं काम कर रही हैं, जिन्हें स्वयं सहायता समूहों और एनजीओ के जरिए प्रशिक्षित किया गया है। मुख्यमंत्री ने बैग निर्माण की प्रक्रिया देखी और तैयार बैग्स की गुणवत्ता की प्रशंसा की।

अत्याधुनिक इंटीग्रेटेड इरैडिएशन सेंटर का भी मुख्यमंत्री ने निरीक्षण किया। 58.15 करोड़ की लागत से बने इस केंद्र में फलों, सब्जियों, मसालों और मांस उत्पादों की शेल्फ-लाइफ बढ़ाने के लिए उन्नत तकनीक अपनाई गई है। यहां 4000 मीट्रिक टन का कोल्ड स्टोरेज, 4000 मीट्रिक टन ड्राई वेयरहाउस और निर्यात पैक हाउस की सुविधा है। यह केंद्र लीची और जर्दालु आम का यूएई और कतर जैसे देशों में सफल निर्यात भी कर चुका है। मुख्यमंत्री ने केंद्र की तकनीक और प्रबंधन की सराहना की और कहा कि ऐसे उद्योगों से बिहार की पहचान अंतरराष्ट्रीय बाजार में मजबूत हो रही है।

निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने कहा— “राज्य में उद्योग और रोजगार को बढ़ावा देने के लिए अनुकूल माहौल है। महिला सशक्तिकरण, युवा उद्यमिता और स्थानीय रोजगार सरकार की प्राथमिकता है। बिहार औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन नीति के तहत उद्यमियों को हरसंभव सुविधा दी जा रही है।”

उन्होंने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत कई युवक-युवतियां स्वरोजगार की ओर आगे बढ़ रहे हैं।

निरीक्षण के दौरान सांसद संजय कुमार झा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव मिहिर कुमार सिंह, पटना प्रमंडल के आयुक्त डॉ. चन्द्रशेखर सिंह, जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. समेत कई वरीय अधिकारी मौजूद रहे।

 

  • Related Posts

    बिहार को मिल सकता है नया राज्यपाल, 12 मार्च को पटना पहुंच सकते हैं सैयद अता हसनैन

    Share Add as a preferred…

    Continue reading
    बिहार का मौसम बदल रहा करवट: दिन में बढ़ी गर्मी, 9–11 मार्च के बीच आंधी-बारिश का येलो अलर्ट

    Share Add as a preferred…

    Continue reading

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *