नवगछिया/भागलपुर:नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल में शनिवार को एक दिल को छू लेने वाला दृश्य देखने को मिला, जब एक दुल्हन की तरह सजी कार अस्पताल परिसर में आकर रुकी। कार पर फूलों की आकर्षक सजावट थी और उस पर बड़े ही खूबसूरत ढंग से “ए” लिखा गया था। यह नजारा देख अस्पताल में मौजूद लोग कौतूहलवश कार की ओर खिंचे चले आए।
पूछने पर चालक ने बताया कि यह विशेष रूप से नवजात बच्ची को घर लाने के लिए भेजी गई है। कुछ ही देर बाद अस्पताल के लेबर वार्ड से एक महिला अपनी नवजात बेटी के साथ बाहर निकली। बताया गया कि श्रीपुर निवासी नीतीश कुमार की पत्नी अभिलाषा कुमारी ने एक स्वस्थ बेटी को जन्म दिया है।
बेटी के जन्म से अभिभूत पिता नीतीश कुमार ने अपनी नन्हीं परी का नाम “अंशिका सिंह” रखा है। उन्होंने बताया कि बेटी के आगमन को खास बनाने के लिए परिवार ने विशेष तैयारी की और जच्चा-बच्चा को घर लाने के लिए दुल्हन सी सजी गाड़ी भेजी गई।
अस्पताल परिसर में मौजूद लोग इस दृश्य से भावुक हो उठे और कहा कि जहां आज भी समाज के कई हिस्सों में बेटी के जन्म को बोझ समझा जाता है, वहीं नीतीश कुमार जैसे पिता समाज के लिए प्रेरणा हैं।
बेटियों के सम्मान और स्वागत का यह अनोखा तरीका समाज में सकारात्मक सोच और बदलाव की मिसाल पेश कर रहा है।


