बजट 2026: कैंसर दवाएं और मोबाइल बैटरी सस्ती, शराब हुई महंगी

नई दिल्ली। आगामी वित्त वर्ष के लिए संसद में आम बजट पेश कर दिया गया है। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लगातार नौवीं बार बजट प्रस्तुत करते हुए कई अहम घोषणाएं कीं। इस बजट में कुछ जरूरी वस्तुओं को सस्ता किया गया है, जबकि कुछ चीजों के दाम बढ़ाए गए हैं।

कैंसर और दुर्लभ बीमारियों की दवाओं पर बड़ी राहत

बजट में स्वास्थ्य क्षेत्र को विशेष प्राथमिकता दी गई है। वित्त मंत्री ने घोषणा की कि कैंसर समेत गंभीर बीमारियों के इलाज में इस्तेमाल होने वाली कई दवाओं पर आयात शुल्क घटाया जाएगा। कुल 17 दवाओं को बुनियादी सीमा शुल्क से छूट देने का प्रस्ताव रखा गया है। साथ ही 7 और दुर्लभ बीमारियों को इस श्रेणी में शामिल किया गया है, ताकि इनके इलाज में इस्तेमाल होने वाली दवाओं और विशेष खाद्य पदार्थों का व्यक्तिगत आयात सस्ता हो सके।

निर्मला सीतारमण ने कहा, “मरीजों, विशेषकर कैंसर से पीड़ित लोगों को राहत देने के लिए 17 दवाओं पर बुनियादी सीमा शुल्क से छूट देने का प्रस्ताव है। इसके अलावा 7 और दुर्लभ बीमारियों को इस दायरे में लाया जा रहा है, जिससे उनके इलाज में इस्तेमाल होने वाली दवाएं सस्ती होंगी।”

ये चीजें हुईं सस्ती

बजट में कई उपभोक्ता वस्तुओं को भी सस्ता करने का ऐलान किया गया है।

  • लेदर के जूते
  • मोबाइल की बैटरी
  • कुछ इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद
  • गंभीर रोगों की दवाएं

इसके अलावा निजी उपयोग के लिए आयातित सामानों पर सीमा शुल्क में बड़ी कटौती की गई है। वित्त मंत्री ने घोषणा की कि व्यक्तिगत इस्तेमाल के लिए आयातित सभी शुल्क योग्य वस्तुओं पर टैरिफ दर को 20 प्रतिशत से घटाकर 10 प्रतिशत किया जाएगा, जिससे विदेश से मंगाए जाने वाले सामान सस्ते हो सकेंगे।

शराब महंगी, उपभोक्ताओं को झटका

वहीं दूसरी ओर शराब की कीमतों में बढ़ोतरी की गई है। बजट में शराब पर टैक्स बढ़ाए जाने से इसके दाम महंगे होंगे, जिससे उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।

रक्षा क्षेत्र को भी मिली राहत

रक्षा क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए भी महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। वित्त मंत्री ने घोषणा की कि रक्षा इकाइयों द्वारा विमान के रखरखाव, मरम्मत और ओवरहॉल के लिए उपयोग किए जाने वाले पुर्जों के निर्माण हेतु आयातित कच्चे माल पर मूल सीमा शुल्क से छूट दी जाएगी। इससे देश में डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग को मजबूती मिलेगी।


 

  • Related Posts

    भागलपुर में सजी उर्दू की महफिल: DM बोले- उर्दू के बिना बॉलीवुड के गाने अधूरे, मेरे आवास पर भी लगी है उर्दू नेमप्लेट; मुशायरे में गूंजी तालियां

    Share Add as a preferred…

    Continue reading