IMG 20250713 WA0006

भागलपुर, 13 जुलाई 2025।जमीन विवाद को लेकर झारखंड के कटोरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत रखलिया डीह गांव में पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। महज़ 4 फीट जमीन के लिए एक व्यक्ति ने अपने सगे भाई, भाभी और भतीजे पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल 60 वर्षीय अरुणा देवी की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि अन्य दो परिजनों की स्थिति गंभीर बनी हुई है।

हमले के दौरान मोबाइल पर थी बात

घटना के संबंध में मृतका के पुत्र रमाकांत शर्मा ने बताया कि वह बाहर काम करता है और जब वह अपने घर लौट रहा था, उस समय वह मोबाइल पर अपनी मां से बात कर रहा था। उसी दौरान उसका छोटा भाई विवादित भूमि पर बाउंड्री बना रहा था। तभी चाचा जगत नारायण शर्मा और उनके बेटे पहुंचे और कुल्हाड़ी, खंती, दविया जैसे हथियारों से हमला कर दिया।

इस हमले में रमाकांत के पिता, मां और भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को तत्काल भागलपुर के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया। जहाँ इलाज के दौरान अरुणा देवी की मौत हो गई। बाकी दो घायलों को बेहतर इलाज के लिए झारखंड स्थानांतरित कर दिया गया।

स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे सवाल

रमाकांत शर्मा ने आरोप लगाया कि भागलपुर के सरकारी अस्पताल की व्यवस्था अत्यंत खराब है, इसलिए उन्होंने पिता और भाई को इलाज के लिए वापस झारखंड भेजने का निर्णय लिया।

पुलिस ने शव भेजा पोस्टमार्टम के लिए

घटना की जानकारी मिलते ही बरारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भागलपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।


 

WhatsApp Channel VOB का चैनल JOIN करें