शादी के कुछ घंटे बाद लाखों के गहने लेकर फरार हुई दुल्हन! गया में ‘लुटेरी दुल्हन’ का खेल, गाजियाबाद से आया दूल्हा बना ठगी का शिकार

गया: बिहार के गया जिले से शादी के नाम पर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गांधी मोहल्ले में शादी की सभी रस्में पूरी होने के कुछ ही घंटे बाद दुल्हन लाखों रुपये के गहने और सामान लेकर फरार हो गई। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से शादी करने पहुंचे दूल्हे और उसके परिवार की खुशियां देखते ही देखते मातम में बदल गईं।

शादी से पहले कराई गई लाखों की शॉपिंग

दूल्हा रविंद्र कुमार और उनके परिवार ने शादी से पहले दुल्हन के लिए सोने-चांदी के आभूषण, महंगे कपड़े और अन्य सामान खरीदे। दुल्हन को सोने का मंगलसूत्र, अंगूठी, चांदी की पायल, बिछिया समेत कई कीमती उपहार दिए गए। इसके बाद पूरे रीति-रिवाज के साथ विवाह संपन्न हुआ।

विदाई से पहले ही गायब हो गई दुल्हन

शादी के बाद जब विदाई की तैयारी शुरू हुई तो दुल्हन अचानक लापता हो गई। काफी तलाश के बाद पता चला कि वह अपने साथ शादी में मिले सभी गहने और कीमती सामान लेकर फरार हो चुकी है। घटना के बाद दूल्हा और उसके परिजन स्तब्ध रह गए।

बिचौलिया भी हुआ फरार, ठगी की आशंका गहराई

दूल्हे पक्ष के अनुसार, शादी कराने में शकील नाम के एक बिचौलिये ने मध्यस्थता की थी। शादी के बाद वह भी मौके से गायब हो गया। परिवार का आरोप है कि यह पूरी घटना एक सुनियोजित ठगी का हिस्सा है और बिचौलिये ने शादी कराने के नाम पर पहले ही मोटी रकम वसूल ली थी।

कर्ज लेकर की थी शादी, अब परिवार सदमे में

दूल्हे के भाई धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि परिवार ने कर्ज लेकर शादी की थी। गहनों, कपड़ों और अन्य तैयारियों पर लाखों रुपये खर्च किए गए। दुल्हन के फरार होने के बाद पूरा परिवार आर्थिक और मानसिक संकट में है और खाली हाथ गाजियाबाद लौटना पड़ा।

उन्होंने कहा, “कर्ज लेकर शादी की थी। बिचौलियों ने भी पैसे लिए थे। शादी के बाद पता चला कि हमारे साथ ठगी हुई है। पुलिस से भी अपेक्षित सहयोग नहीं मिला।”

पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया

दूल्हे पक्ष की शिकायत पर मुफस्सिल थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि फरार दुल्हन और मुख्य आरोपी बिचौलिया शकील की तलाश जारी है।

मुफस्सिल थानाध्यक्ष देवराज इंद्र ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पूछताछ में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

शादी के नाम पर ठगी के नेटवर्क की जांच

इस घटना के बाद शादी कराने वाले बिचौलियों की भूमिका पर भी सवाल उठने लगे हैं। पुलिस को आशंका है कि इसके पीछे कोई संगठित ठगी गिरोह सक्रिय हो सकता है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जल्द ही पूरे रैकेट का खुलासा होने की उम्मीद जताई जा रही है।

  • ये भी पढ़े..

    नवगछिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो हथियार और 31 कारतूस के साथ दो बदमाश गिरफ्तार

    Share Add as a preferred…

    प्रथम पंच ग्राममाता सोनिया देवी की पुण्यतिथि पर संतमत सत्संग, श्रद्धांजलि सभा में उमड़ी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आस्था

    Share Add as a preferred…