समस्तीपुर में भाजपा नेता रूपक सहनी की गोली मारकर हत्या, थानाध्यक्ष निलंबित

बिहार के समस्तीपुर जिले में अपराधियों ने भाजपा नेता रूपक सहनी की गोली मारकर हत्या कर दी। यह सनसनीखेज वारदात खानपुर थाना क्षेत्र के शादीपुर घाट स्थित मंदिर के पास बुधवार देर शाम हुई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।

दुकान पर बैठे थे रूपक सहनी

मृतक की पहचान करीब 24 वर्षीय रूपक सहनी के रूप में हुई है। वह भाजपा के बूथ अध्यक्ष थे और शादीपुर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष भी रह चुके थे। रूपक सहनी अपने भाई दीपक सहनी के साथ लंबे समय से पार्टी से जुड़े हुए थे। दीपक सहनी भाजपा जिला आईटी सेल के संयोजक हैं।

3-4 अपराधियों ने की अंधाधुंध फायरिंग

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रूपक सहनी मंदिर के पास एक दुकान पर बैठे हुए थे, तभी 3 से 4 की संख्या में बदमाश मौके पर पहुंचे और उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोली लगते ही रूपक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि हमलावर पैदल ही मौके से फरार हो गए।

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल रूपक सहनी को आनन-फानन में खानपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि उन्हें कई गोलियां लगी थीं, जिससे उनकी हालत बेहद गंभीर हो गई थी।

एसपी मौके पर पहुंचे, थानाध्यक्ष निलंबित

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह स्वयं मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। एफएसएल टीम ने भी मौके से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने पुरानी रंजिश के आधार पर दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। लापरवाही के आरोप में खानपुर थानाध्यक्ष को निलंबित कर दिया गया है।

पुरानी दुश्मनी की आशंका

एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पहले भी थाना में आवेदन दिया गया था। प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश सामने आ रही है, हालांकि राजनीतिक कारणों की पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

अरविंद प्रताप सिंह, एसपी समस्तीपुर ने कहा:
“भाजपा नेता रूपक सहनी की गोली मारकर हत्या की गई है। पहले से दोनों पक्षों के बीच विवाद की जानकारी सामने आई है। दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और खानपुर थानाध्यक्ष को निलंबित कर दिया गया है।”

स्पेशल टीम गठित

मामले के खुलासे के लिए पुलिस ने विशेष जांच टीम का गठन किया है। हत्या के कारणों और इसमें शामिल अपराधियों की पहचान के लिए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। वहीं भाजपा नेताओं ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सख्त सजा देने की मांग की है।


 

  • Related Posts

    रोहतास में नकली पुलिस अरेस्ट: असली वर्दी और डबल स्टार लगाकर जमा रहे थे धौंस; बिना नंबर की स्कॉर्पियो से 4 गिरफ्तार, हथियार भी मिले

    Share Add as a preferred…

    Continue reading
    भागलपुर में SSP की ‘क्लास’: काम करने वाले 11 दारोगा सम्मानित, लापरवाहों पर गिरी गाज; पेंडिंग केस वालों से पूछा शो-कॉज

    Share Add as a preferred…

    Continue reading