खगड़िया में सनसनीखेज वारदात: बेटे ने हथौड़े से पीटकर मां की हत्या, आरोपी हिरासत में

बिहार के खगड़िया जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। परबत्ता प्रखंड के खीराडीह गांव में एक बेटे ने अपनी ही मां की हथौड़े से पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है और मामले की गहन जांच जारी है।

देर रात हुई वारदात

मृतका की पहचान खीराडीह गांव की उड़नी देवी के रूप में हुई है। आरोप है कि बीती देर रात उनके पुत्र मंटू मंडल ने हथौड़े से वार कर उनकी हत्या कर दी। स्थानीय लोगों के अनुसार मंटू मंडल मानसिक रूप से दिव्यांग है।

तेल लगाने को लेकर हुआ विवाद

बताया जा रहा है कि घटना के समय उड़नी देवी अपने बेटे के पैर में तेल लगा रही थीं और फिर उसके सिर में तेल लगाने लगीं। इसी बात पर मंटू मंडल अचानक गुस्से में आ गया और चिल्लाने लगा। स्थिति बिगड़ती देख उसके पिता घनश्याम मंडल डर के कारण घर से बाहर निकल गए। इसके बाद मंटू मंडल ने अपनी मां पर हथौड़े से लगातार वार कर दिए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

शव को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं

घटना की सूचना बुधवार को करीब साढ़े 11 बजे परबत्ता थाना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही प्रभारी थानाध्यक्ष दिवाकर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। एफएसएल टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मृतका के शव को जलाया गया है या कहीं गायब कर दिया गया है।

आरोपी ने हत्या की बात कबूली

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अखलेश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मां की हत्या की पुष्टि हुई है। घर के अंदर खून के छींटे मिले हैं। आरोपी मंटू मंडल को हिरासत में लिया गया है और उसने पूछताछ में अपनी मां की हत्या की बात स्वीकार की है।

अखलेश कुमार, एसडीपीओ ने कहा:
“प्रथम दृष्टया यह सामने आया है कि मंटू मंडल ने अपनी मां की हत्या की है। घर में खून के निशान मिले हैं और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।”

पारिवारिक स्थिति

स्थानीय लोगों के अनुसार मंटू मंडल तीन भाइयों में एक है। उसके दो भाई अलग मकान में रहते हैं, जबकि मंटू मंडल अपने माता-पिता के साथ एक ही घर में रहता था। उसकी पत्नी भी उसके व्यवहार से परेशान होकर मायके चली गई थी और वहीं रह रही है।

पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और शव की बरामदगी को लेकर प्रयास जारी हैं।


 

  • Related Posts

    नितिन नवीन बने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष, भागलपुर में लाइव प्रसारण देखकर कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न

    Share Add as a preferred…

    Continue reading