
पटना | बिहार सरकार ने रोजगार और सुशासन के मोर्चे पर बड़ा दावा किया है। सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेन्दर ने सोमवार (9 फरवरी 2026) को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 1 अप्रैल 2020 से अब तक राज्य में 9.84 लाख से अधिक लोगों को रोजगार दिया गया है। इसके अलावा, विभाग को गुणवत्तापूर्ण काम के लिए ISO सर्टिफिकेट भी मिला है।
1. रोजगार: सरकारी नौकरी से लेकर संविदा तक के आंकड़े
डॉ. बी. राजेन्दर ने रोजगार का पूरा गणित समझाया। 1 अप्रैल 2020 से 6 फरवरी 2026 तक कुल 9,84,141 लोगों को काम मिला है:
- नियमित सरकारी नौकरी: 7,95,832
- संविदा कर्मी: 1,17,784
- आउटसोर्सिंग: 70,525
- गुड न्यूज: वर्ष 2025-26 के लिए 1,50,561 नए पदों पर बहाली के लिए आयोगों को अधियाचना भेजी जा चुकी है। यानी जल्द ही नई वैकेंसी आने वाली है।
2. उपलब्धि: GAD और बिपार्ड को मिला ISO टैग
बिहार के सामान्य प्रशासन विभाग और बिपार्ड (BIPARD) को ISO 9001:2015 अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता मानक का प्रमाण पत्र मिला है।
- वैधता: यह सर्टिफिकेट 21 जनवरी 2026 से अगले 3 वर्षों के लिए मान्य होगा। यह पारदर्शिता और स्टैंडर्ड काम का प्रमाण है।
3. आसान सेवाएं: अब ब्लॉक-जिला जाने का झंझट खत्म
सरकार ने जाति-आय और आवासीय प्रमाण पत्र जैसी सेवाओं को घर-घर तक पहुंचा दिया है।
- पंचायत भवन: जुलाई 2025 से पंचायत सरकार भवनों में 64 तरह की सेवाएं मिल रही हैं। अब ब्लॉक या जिला मुख्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ते।
- RTPS का रिकॉर्ड: अब तक 51.13 करोड़ से अधिक आवेदनों का निपटारा किया जा चुका है।
4. पारदर्शिता: अफसरों की संपत्ति ऑनलाइन, ‘गया’ बना ‘गया जी’
- संपत्ति का ब्योरा: पारदर्शिता के लिए ग्रुप A, B और C के सभी कर्मियों की चल-अचल संपत्ति का ब्योरा वेबसाइट पर अपलोड किया जा रहा है।
- नाम परिवर्तन: प्रशासनिक निर्णयों में गया शहर का नाम बदलकर “गया जी” करने की उपलब्धि भी गिनाई गई।
- CM फेलोशिप: IIM बोधगया के साथ मिलकर 121 विषय विशेषज्ञों (Fellows) का चयन किया जाएगा जो सरकारी काम में मदद करेंगे।
हेल्पलाइन नंबर नोट करें
अगर आपको कोई शिकायत है या जानकारी चाहिए तो इन नंबरों पर कॉल करें:
- जिज्ञासा हेल्पलाइन: 14403
- समाधान कॉल सेंटर: 1800-345-6284


