फौजी अंदाज में दिखे बिहार के राज्यपाल, गार्ड ऑफ ऑनर के दौरान जवानों की कमांड रोकी, SP को भी दिया अनुशासन का पाठ

नालंदा: बिहार के राज्यपाल एवं नालंदा खुला विश्वविद्यालय के कुलाधिपति लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन बुधवार को नालंदा दौरे के दौरान अपने सैन्य अंदाज में नजर आए। एक कार्यक्रम के बाद नालंदा पुलिस द्वारा दिए जा रहे गार्ड ऑफ ऑनर के दौरान उन्होंने जवानों की कमांडिंग में तकनीकी कमी पकड़ ली और मौके पर ही ड्रिल रुकवाकर सही तरीका समझाया। राज्यपाल का यह अनुशासनप्रिय अंदाज अब चर्चा का विषय बन गया है।

कमांड देने के तरीके पर जताई आपत्ति

गार्ड ऑफ ऑनर के दौरान राज्यपाल ने देखा कि कमांड देने वाला जवान बिना ठहराव के तेजी से आदेश दे रहा है। उन्होंने तुरंत जवान को रोका और कहा कि सैन्य कमांड में हर शब्द के बीच उचित ठहराव (Pause) होना चाहिए। इसके बाद उन्होंने जवान से दोबारा कमांड देने को कहा।

सलामी के बाद राज्यपाल ने जवान को समझाते हुए कहा कि लगातार अभ्यास करें और कमांड को जल्दबाजी में नहीं बोलें।

“कमांड के शब्दों के बीच उचित ठहराव होना चाहिए। इसे एक सांस में खट-खट करके खत्म नहीं करना है।”
सैयद अता हसनैन, राज्यपाल बिहार

SP भारत सोनी को भी दिया प्रशिक्षण का संदेश

राज्यपाल ने नालंदा के पुलिस अधीक्षक भारत सोनी को भी ड्रिल की इस कमी की ओर ध्यान दिलाया। उन्होंने कहा कि जवानों को सही टाइमिंग और अनुशासन के साथ कमांड देने का अभ्यास कराया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी गलती दोबारा न हो।

इस पर एसपी भारत सोनी ने भी माना कि जवानों की टाइमिंग में सुधार की आवश्यकता है और उन्होंने राज्यपाल के निर्देशों के अनुसार नियमित अभ्यास कराने का भरोसा दिया।

फौजी अनुशासन की मिसाल बने राज्यपाल

लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन भारतीय सेना में लंबे समय तक महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। नालंदा में उनका यह सैन्य अंदाज अधिकारियों और पुलिसकर्मियों के लिए भी सीख बन गया। उन्होंने मौके पर ही सही प्रोटोकॉल समझाकर यह संदेश दिया कि अनुशासन और पेशेवर दक्षता में छोटी-सी चूक भी स्वीकार नहीं होनी चाहिए।

राज्यपाल का यह वीडियो और उनका फौजी अंदाज सोशल मीडिया पर भी तेजी से चर्चा का विषय बन गया है।

  • ये भी पढ़े..

    बिहार में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस क्रांति की तैयारी, राज्य को तकनीकी नवाचार का राष्ट्रीय केंद्र बनाने की दिशा में बड़ा कदम

    Share Add as a preferred…

    बिहार में थानाध्यक्ष सस्पेंड! अपहरण पीड़ित को 24 घंटे हाजत में रखा, आरोपी को छोड़ने और सूदखोरी मामले में लापरवाही पर बड़ी कार्रवाई

    Share Add as a preferred…