बाढ़ प्रभावित इलाकों में लगेंगे पशु शिविर, पशुओं के लिए चारा उपलब्ध कराएगी बिहार सरकार

पटना: बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पशुपालकों को राहत पहुंचाने के लिए बिहार सरकार पशु शिविरों का संचालन करेगी। डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग की ओर से जिला प्रशासन के सहयोग से इन शिविरों में पशुओं के लिए आवश्यकता के अनुसार चारा उपलब्ध कराया जाएगा। विभाग का उद्देश्य आपदा के दौरान पशुधन की सुरक्षा सुनिश्चित करना और पशुपालकों को राहत प्रदान करना है।

जिला प्रशासन के सहयोग से चलेगा अभियान

विभाग के अनुसार, पशु चारा वितरण कार्यक्रम जिला प्रशासन और जिला पशुपालन पदाधिकारियों के माध्यम से संचालित किया जाएगा। बाढ़ अथवा अन्य आपदा से प्रभावित क्षेत्रों में पशुओं की स्थिति का आकलन कर जरूरत के मुताबिक चारा उपलब्ध कराया जाएगा।

जरूरत के अनुसार मिलेगा चारा

सरकार के अनुसार, सामान्य परिस्थितियों में बड़े पशुओं के लिए 6 किलोग्राम, छोटे पशुओं के लिए 3 किलोग्राम तथा भेड़-बकरियों के लिए 1 किलोग्राम चारा उपलब्ध कराया जाएगा। पशु शिविरों अथवा अस्थायी राहत शिविरों में एक बार में तीन दिन से एक सप्ताह तक के लिए चारा वितरित किया जाएगा। बाढ़ की स्थिति बनी रहने पर शिविरों के संचालन की अवधि तक यह व्यवस्था जारी रहेगी।

टोकन व्यवस्था से होगा वितरण

चारा वितरण से पहले प्रभावित क्षेत्रों में पशुओं की संख्या और प्रकार का सर्वे किया जाएगा। इसके बाद पशुपालकों को टोकन जारी किए जाएंगे और उसी के आधार पर क्रमवार चारा वितरित किया जाएगा, ताकि वितरण प्रक्रिया पारदर्शी और व्यवस्थित रहे।

सहायता के लिए जारी किए गए हेल्पलाइन नंबर

विभाग ने पशुपालकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए पशुपालन निदेशालय के आपदा कोषांग के टेलीफोन नंबर 0612-2230942 अथवा पशु स्वास्थ्य एवं उत्पादन संस्थान, पटना के नंबर 0612-2226049 पर संपर्क कर सकते हैं।

नोट: यह समाचार बिहार सरकार के डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति पर आधारित है।

  • ये भी पढ़े..