
पटना, 21 जुलाई।बिहार सरकार ने राज्य के सभी घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने की ऐतिहासिक घोषणा की है। यह निर्णय 18 जुलाई को हुई कैबिनेट की विशेष बैठक में लिया गया, जिसका लाभ एक अगस्त से मिलने वाले जुलाई माह के बिजली बिल से ही दिया जाएगा।

राज्य के ऊर्जा विभाग के अनुसार, इस योजना से 1 करोड़ 86 लाख उपभोक्ताओं को प्रत्यक्ष लाभ होगा। इनमें से 1 करोड़ 67 लाख उपभोक्ता ऐसे हैं, जिनकी मासिक औसत बिजली खपत 125 यूनिट या उससे कम है। यानी इन्हें हर माह पूरी तरह मुफ्त बिजली मिलेगी।
प्री-पेड उपभोक्ताओं को विशेष लाभ
राज्य में प्री-पेड मीटर धारकों की संख्या 60 लाख से अधिक है। इन उपभोक्ताओं को अब 125 यूनिट तक बिजली उपयोग के लिए रिचार्ज करने की आवश्यकता नहीं होगी। 125 यूनिट तक कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। अगर खपत 125 यूनिट से अधिक होती है, तो केवल अतिरिक्त यूनिट के लिए ही रिचार्ज राशि से शुल्क काटा जाएगा।
उदाहरण के तौर पर, यदि कोई उपभोक्ता जुलाई महीने में 200 यूनिट बिजली की खपत करता है, तो उसे केवल 75 यूनिट का ही बिल देना होगा। बाकी 125 यूनिट पूरी तरह मुफ्त होंगे।
बिजली दरों में कोई बदलाव नहीं
बिहार सरकार ने यह स्पष्ट किया है कि वर्तमान बिजली दरों में कोई वृद्धि नहीं की गई है।
- 100 यूनिट तक: ₹4.12 प्रति यूनिट
- 100 यूनिट से ऊपर: ₹5.52 प्रति यूनिट
सीएम विद्युत उपभोक्ता सहायता योजना के तहत सब्सिडी
ऊर्जा विभाग के सचिव और बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी के प्रबंध निदेशक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि यह राहत मुख्यमंत्री विद्युत उपभोक्ता सहायता योजना के तहत दी जा रही है, जिसमें 125 यूनिट तक सौ फीसदी सब्सिडी लागू की गई है।
एसएमएस से मिलेगी जानकारी
उपभोक्ताओं को इस योजना की जानकारी एसएमएस के जरिए मुख्यमंत्री की ओर से दी जा रही है, जिससे वे सही समय पर योजना का लाभ ले सकें।


