भागलपुर, 25 अक्टूबर 2025।भागलपुर जिले के युवा क्रिकेटर सचिन कुमार ने आज अपने रणजी ट्रॉफी करियर की शानदार शुरुआत की। बिहार की ओर से खेलते हुए उन्होंने मणिपुर के खिलाफ अहमदाबाद के नडियाद स्थित गोकुलभाई सोमाभाई पटेल स्टेडियम में डेब्यू मैच में बेहतरीन प्रदर्शन कर सबका ध्यान खींचा।
इस मुकाबले में मणिपुर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। शुरुआती सत्र में बिहार के गेंदबाजों को ज्यादा सफलता नहीं मिली, लेकिन जब सचिन कुमार गेंदबाजी आक्रमण में शामिल हुए तो उन्होंने अपनी सटीक लाइन-लेंथ और फिरकी से मणिपुर की पारी पर अंकुश लगाने में अहम भूमिका निभाई।
सचिन ने 9 ओवर में 46 रन देकर 2 महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए। उनके ये दोनों विकेट ऐसे समय पर आए जब मणिपुर मजबूत साझेदारी बनाने की कोशिश कर रही थी।
पहले दिन का खेल खत्म होने तक मणिपुर ने 90 ओवर में 300 रन बनाकर 5 विकेट गंवा दिए थे। बिहार की ओर से सचिन कुमार की गेंदबाजी सबसे प्रभावशाली रही।
भागलपुर के इस उभरते हुए स्पिनर के प्रदर्शन से जिले में खुशी की लहर है। स्थानीय क्रिकेट कोचों, साथियों और खेल प्रेमियों ने सचिन को उनके सफल डेब्यू के लिए बधाई दी है। खेल विशेषज्ञों का कहना है कि अगर सचिन इसी तरह प्रदर्शन जारी रखते हैं, तो वे भविष्य में बिहार क्रिकेट टीम के अहम स्तंभ बन सकते हैं।


