जंतर-मंतर पर आज रात नहीं होगी कोई पुलिस कार्रवाई, दिल्ली पुलिस ने अफवाहों पर लगाया विराम; छात्र आंदोलन को सुप्रीम कोर्ट के वकीलों का समर्थन

नई दिल्ली: जंतर-मंतर पर NEET पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर जारी ‘कॉकरोच जनता पार्टी (CJP)’ के छात्र आंदोलन के बीच शुक्रवार रात संभावित पुलिस कार्रवाई की अटकलों पर दिल्ली पुलिस ने बड़ा स्पष्टीकरण दिया है। पुलिस ने साफ कहा कि आज रात जंतर-मंतर पर चल रहे विरोध-प्रदर्शन के खिलाफ किसी भी प्रकार की कार्रवाई की कोई योजना नहीं है।

इंटरनेट बंद होने के आदेश के बाद फैली थीं चर्चाएं

पुलिस का यह बयान ऐसे समय आया है, जब केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से जंतर-मंतर के 1.5 किलोमीटर के दायरे में रात 12 बजे तक मोबाइल इंटरनेट सेवाएं अस्थायी रूप से बंद करने का आदेश जारी किया गया था।

इसके अलावा, कनॉट प्लेस क्षेत्र की कुछ दुकानों को शाम तक बंद रखने के निर्देशों के बाद सोशल मीडिया पर यह अटकलें तेज हो गई थीं कि प्रशासन आंदोलन स्थल को खाली कराने की तैयारी कर रहा है। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने इन सभी कयासों को खारिज करते हुए कहा कि आज रात ऐसी कोई कार्रवाई प्रस्तावित नहीं है।

छात्रों के समर्थन में उतरे सुप्रीम कोर्ट के वकील

इस बीच, जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों को सुप्रीम Court के कई वकीलों का भी समर्थन मिला है।

सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता महालक्ष्मी पावनी ने कहा कि वह शांतिपूर्ण तरीके से छात्रों के साथ अपनी एकजुटता व्यक्त करने पहुंची हैं। उन्होंने प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर हुई कथित पुलिस कार्रवाई की आलोचना करते हुए कहा कि छात्र देश का भविष्य हैं और वे केवल अपने अधिकारों के लिए आवाज उठा रहे थे।

उन्होंने कहा कि किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था में छात्रों के साथ हिंसा उचित नहीं मानी जा सकती।

‘बातचीत से निकल सकता है समाधान’

सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता ननिता शर्मा ने भी छात्रों के समर्थन में अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि सभी लोग छात्रों के साथ एकजुटता दिखाने के लिए एकत्र हुए हैं और उनका संघर्ष शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर है।

उन्होंने कहा कि छात्रों के साथ कथित तौर पर हुई सख्ती चिंताजनक है और सरकार को टकराव के बजाय संवाद का रास्ता अपनाना चाहिए। उनके अनुसार, बातचीत के जरिए ही इस पूरे विवाद का समाधान निकाला जा सकता है।

जंतर-मंतर पर जारी है आंदोलन

NEET पेपर लीक और परीक्षा प्रणाली में सुधार की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर छात्रों का आंदोलन लगातार जारी है। इसी बीच केंद्र सरकार भी आंदोलनकारी छात्रों से बातचीत की इच्छा जता चुकी है। अब सभी की निगाहें इस बात पर हैं कि क्या दोनों पक्षों के बीच जल्द कोई औपचारिक वार्ता होती है या आंदोलन आगे भी जारी रहता है।

  • ये भी पढ़े..

    बिहार में बढ़ रहा फैंसी नंबर प्लेट का क्रेज, 5 वर्षों में 37 हजार से अधिक वाहन मालिकों ने चुना पसंदीदा नंबर

    Share Add as a preferred…

    बिहार में ग्रामीण योजनाओं की निगरानी होगी और आसान, ग्रामीण विकास विभाग ने लॉन्च किया केंद्रीकृत पोर्टल

    Share Add as a preferred…