भागलपुर, 23 अक्टूबर 2025:आगरा सदर थाना क्षेत्र के देवरी रोड निवासी एक युवती को बिहार के भागलपुर से ब्लैकमेल किया जा रहा है। आरोपित लगातार तीन अलग-अलग मोबाइल नंबर का इस्तेमाल कर युवती को धमकाने और बदनाम करने की कोशिश कर रहा है। कभी सोशल मीडिया पर वीडियो और फोटो डालकर उसे बदनाम करने का प्रयास करता है, तो कभी व्हाट्सऐप पर मैसेज भेजकर मानसिक दबाव बना रहा है।
एफआईआर में आरोपित के रूप में शिवम निवासी भागलपुर का नाम दर्ज किया गया है। पीड़िता के परिवार का कहना है कि इस कृत्य से वे मानसिक रूप से बेहद परेशान हैं। युवती का रिश्ता टूटने का डर भी परिवार पर मंडरा रहा है। पीड़िता के भाई ने बताया कि उनकी बहन की शादी दिसंबर में तय है, लेकिन आरोपी की लगातार धमकियों और गंदे मैसेज से परिवार तनाव में है।
पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपित की पहचान तथा गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि ऐसे किसी भी प्रकार की धमकी या ब्लैकमेल का सामना हो तो तुरंत स्थानीय थाना को सूचित करें।


