भागलपुर, 23 दिसंबर 2025। सुशासन सप्ताह 2025 के तहत भागलपुर के समीक्षा भवन में सुशासन के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी के कर-कमलों से दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
कार्यक्रम के दौरान निदेशक, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण (डीआरडीए) द्वारा पीपीटी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से सुशासन के अंतर्गत जिले में किए जा रहे कार्यों और योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रस्तुतीकरण के माध्यम से प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही को लेकर उठाए गए कदमों को साझा किया गया।
सुशासन के मूल सिद्धांतों की दिलाई गई शपथ
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने सुशासन सप्ताह 2025 के तहत सभी उपस्थित पदाधिकारियों को सुशासन की प्रतिज्ञा दिलाई। अधिकारियों ने पारदर्शिता, जवाबदेही, दक्षता और संवेदनशीलता जैसे सुशासन के मूल सिद्धांतों को अपनाने का संकल्प लिया।
प्रतिज्ञा के दौरान यह भी कहा गया कि सभी पदाधिकारी ईमानदारी से कार्य करते हुए नागरिक सहभागिता को बढ़ावा देंगे, समावेशी विकास सुनिश्चित करेंगे और सेवाओं की समयबद्ध आपूर्ति के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे। इसके साथ ही भ्रष्टाचार मुक्त, नागरिक-केंद्रित और उत्तरदायी प्रशासन के निर्माण के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प दोहराया गया।
कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में एडीएम पीजीआरओ, संयुक्त निदेशक जनसंपर्क, डीआरडीए निदेशक, जीएम डीआईसी, जिला खेल पदाधिकारी समेत सभी संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने सुशासन के उद्देश्यों को धरातल पर उतारने के लिए आपसी समन्वय और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की बात कही।
प्रशासन का कहना है कि सुशासन सप्ताह 2025 के तहत आगे भी जिले में इस तरह के कार्यक्रमों के माध्यम से प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी, संवेदनशील और जन-केंद्रित बनाया जाएगा।


