बेतिया में ट्रेन के SLR कोच से पकड़े गए शराब तस्कर, चलती ट्रेन से फेंकी शराब की खेप

बिहार के बेतिया में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां ट्रेन के SLR कोच से दो शराब तस्करों को पकड़ा गया। घटना Narkatiaganj स्टेशन की है, जहां गोरखपुर–नरकटियागंज पैसेंजर गाड़ी संख्या 55098 के पहुंचने पर यह खुलासा हुआ।

बुधवार शाम करीब 4 बजे प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर ऑन ड्यूटी प्रधान आरक्षी नीरज कुमार द्वारा R/SLR कोच नंबर NE-164338 की जांच की जा रही थी। इस दौरान कोच के दोनों दरवाजे अंदर से बंद पाए गए। काफी कोशिशों के बावजूद जब दरवाजा नहीं खुला तो संदेह गहरा गया।

इसी बीच मौके पर मौजूद एक्साइज विभाग, बगहा के आरक्षी पंकज कुमार ने बताया कि कोच के अंदर कुछ लोग मौजूद हैं और उन्होंने दरवाजा अंदर से बंद कर रखा है। साथ ही यह भी जानकारी दी गई कि संदिग्धों ने भैरोगंज–हरीनगर स्टेशन के बीच चलती ट्रेन से शराब की पेटियां फेंक दी हैं।

मामले की सूचना तुरंत कैरिज एंड वैगन (C&W), जीआरपी नरकटियागंज और समस्तीपुर कंट्रोल को दी गई। कुछ ही देर में कैरिज विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और कोच खोलने की कोशिश शुरू की।

इसी दौरान अंदर छिपे दोनों तस्करों ने खुद ही दरवाजा खोल दिया, जिसके बाद एक्साइज विभाग बगहा के एसआई रोशन कुमार ने टीम के साथ दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।

पूछताछ में आरोपियों की पहचान नीतीश कुमार (25 वर्ष), निवासी सीतापुर बलुआ (थाना शिकारपुर) और कुंभकरण (19 वर्ष), निवासी गोबर्धना चेक पोस्ट (थाना गोवर्धना), जिला पश्चिमी चंपारण के रूप में हुई।

दोनों ने स्वीकार किया कि वे उत्तर प्रदेश से शराब लेकर आ रहे थे। एक्साइज विभाग की कार्रवाई से बचने के लिए उन्होंने चलती ट्रेन से शराब की खेप फेंक दी और खुद SLR कोच में बंद हो गए।

फिलहाल एक्साइज विभाग द्वारा दोनों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है और मामले की सूचना वरीय अधिकारियों को दे दी गई है।


 

  • ये भी पढ़े..

    मुहर्रम की तैयारियों को लेकर सेंट्रल मोहर्रम कमेटी की तीसरी बैठक संपन्न, विभिन्न इलाकों की समस्याओं पर हुई विस्तृत चर्चा

    Share Add as a preferred…

    नाथनगर में दुकान में अचानक लगी आग, सब्जी और सैलून की दुकान में हजारों का नुकसान

    Share Add as a preferred…