बांकीपुर उपचुनाव: नामांकन के आखिरी दिन दिखी सियासी गर्मी, भाजपा नेताओं से मिले प्रशांत किशोर

पटना: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के नामांकन के अंतिम दिन राजधानी पटना पूरी तरह चुनावी रंग में रंगी रही। सड़कों पर समर्थकों की भीड़, नारों की गूंज और शक्ति प्रदर्शन के बीच एक ऐसा दृश्य भी देखने को मिला जिसने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने रोड शो के दौरान आगे बढ़कर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया। दोनों पक्षों के नेताओं ने हाथ मिलाया और एक-दूसरे का स्वागत किया। इस मुलाकात का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

रोड शो के दौरान भाजपा नेताओं से मिले प्रशांत किशोर

सोमवार को बांकीपुर उपचुनाव के लिए नामांकन का अंतिम दिन था। भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा, जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर और जनशक्ति जनता दल की उम्मीदवार वीणा मानवी ने अपना नामांकन दाखिल किया।

नामांकन से पहले प्रशांत किशोर ने सोनपुर स्थित बाबा हरिहरनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद पटना के स्काउट एंड गाइड मैदान में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और फिर समर्थकों के साथ रोड शो निकालते हुए समाहरणालय पहुंचे।

रोड शो के दौरान रास्ते में मौजूद भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के पास प्रशांत किशोर स्वयं पहुंचे। उन्होंने हाथ मिलाकर उनका अभिवादन किया, जबकि भाजपा नेताओं ने भी उनका स्वागत किया। इस दौरान दोनों दलों के समर्थकों ने अपने-अपने नेताओं के समर्थन में जमकर नारे लगाए।

भरत तिवारी के पोस्टर भी बने चर्चा का विषय

प्रशांत किशोर के रोड शो में भोजपुर के चर्चित भरत तिवारी एनकाउंटर मामले से जुड़े पोस्टर भी नजर आए, जिसने राजनीतिक चर्चाओं को और तेज कर दिया।

30 जुलाई को मतदान, 3 अगस्त को आएंगे नतीजे

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि 3 अगस्त को मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे।

वीणा मानवी की गिरफ्तारी से गरमाई राजनीति

उधर, जनशक्ति जनता दल की उम्मीदवार वीणा मानवी के नामांकन के तुरंत बाद हुई गिरफ्तारी ने राजनीतिक माहौल और गर्म कर दिया। पुलिस कार्रवाई के बाद पटना समाहरणालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

वीणा मानवी की बेटी प्रार्थना ने कहा कि परिवार को गिरफ्तारी की पहले से कोई जानकारी नहीं थी और अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि उन्हें किस मामले में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की ओर से भी इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

तेजप्रताप यादव का सरकार पर हमला

जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजप्रताप यादव ने इस कार्रवाई को राजनीतिक साजिश बताते हुए सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने के उद्देश्य से उनकी उम्मीदवार को झूठे मामले में फंसाया गया है।

तेजप्रताप यादव ने कहा कि पार्टी इस मामले में अदालत का दरवाजा खटखटाएगी और वीणा मानवी के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी। उन्होंने दावा किया कि बांकीपुर की जनता सब देख रही है और अंततः सच्चाई की जीत होगी।

  • ये भी पढ़े..

    ’22 करोड़ मुसलमान नमाज़ पढ़ रहे, फिर भी’दुआ कबूल क्यों नहीं हो रही?’— अवध ओझा की टिप्पणी पर मचा घमासान

    Share Add as a preferred…

    अमेरिका-ईरान तनाव के बीच बिहार के युवक की मौत का दावा, गोपालगंज के परिवार में मातम

    Share Add as a preferred…