भक्ति में डूबा बैजानी: हनुमान मंदिर में श्री श्री 1008 अखंड रामचरितमानस पाठ का 25वां दिन पूर्ण, 5 नवंबर को होगा भव्य समापन

भागलपुर।जगदीशपुर प्रखंड के बैजानी पंचायत स्थित हनुमान मंदिर परिसर में चल रहा श्री श्री 1008 अखंड रामचरितमानस पाठ शुक्रवार को अपने 25वें दिन में प्रवेश कर गया। यह 30 दिवसीय धार्मिक आयोजन कार्तिक मास की शुरुआत से लगातार जारी है और अब इसके समापन में केवल चार दिन शेष हैं।

हनुमान मंदिर परिसर में चौबीसों घंटे अखंड रामचरितमानस का पाठ चल रहा है, जिसमें आसपास के गाँवों — बैजानी, भंगड़ी, बिंद टोली, और खैरपुर — से सैकड़ों श्रद्धालु भाग ले रहे हैं। पूरे परिसर में भक्ति और अध्यात्म का वातावरण बना हुआ है।

आयोजन समिति ने भक्तों के लिए भोजन, जल और विश्राम की उचित व्यवस्था की है। वहीं मंदिर परिसर में साफ-सफाई, लाइटिंग और ध्वनि व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। हर शाम आरती और भजन-कीर्तन से पूरा वातावरण ‘जय श्री राम’ के जयकारों से गूंज उठता है।

समिति सदस्यों ने बताया कि समापन समारोह 5 नवंबर (बुधवार) को हवन, सत्यनारायण भगवान की पूजा और ब्राह्मण कन्या भोजन एवं विशाल भंडारे के साथ होगा। इस अवसर पर सैकड़ों श्रद्धालुओं के प्रसाद ग्रहण करने की संभावना है।

स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि यह परंपरागत आयोजन अब बैजानी पंचायत की धार्मिक पहचान बन चुका है। यह न सिर्फ भक्ति भावना का केंद्र है, बल्कि क्षेत्र में सामुदायिक एकता और धार्मिक सौहार्द का प्रतीक भी है।

मौके पर पंडित गौरी शंकर ठाकुर, आचार्य शैलेंद्र कुमार झा, टीनू झा, चंदू ठाकुर, हनी झा, गोपाल तिवारी, धीरज झा, संतोष झा, टुनटुन झा, मोंटी, सामंत, पीयूष, अंशु, सोनल सहित कई श्रद्धालु उपस्थित रहे।


 

  • Related Posts