वैशाली में महिला होमगार्ड जवान के साथ हैवानियत! हाट से लौटते समय बहन समेत अगवा, पुलिस पहुंची तो टीम पर भी हमला

वैशाली: बिहार के वैशाली जिले से कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है। आरोप है कि शुक्रवार रात हाट से घर लौट रही एक महिला होमगार्ड जवान और उसकी छोटी बहन का रास्ता रोककर उन्हें अगवा कर लिया गया। पीड़िता के परिजनों ने आरोप लगाया है कि दोनों को रातभर बंधक बनाकर रखा गया, मारपीट की गई और महिला होमगार्ड के साथ दुष्कर्म किया गया।

हाट से लौटते समय रास्ते से किया अगवा

पीड़िता की मां के अनुसार, दोनों बहनें बेलवर हाट से खरीदारी कर घर लौट रही थीं। इसी दौरान गांव के ही सुबोध पासवान और उसके साथियों ने कथित तौर पर दोनों का रास्ता रोक लिया और जबरन अपने घर ले गए।

परिजनों का आरोप है कि दोनों बहनों को पूरी रात बंधक बनाकर रखा गया और उनके साथ मारपीट की गई।

तलाश में पहुंचे परिजन, पुलिस पर भी हमला

जब दोनों बहनें घर नहीं पहुंचीं तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। ग्रामीणों से जानकारी मिलने के बाद पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना पर सब-इंस्पेक्टर अजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। आरोप है कि जैसे ही पुलिस ने दोनों बहनों को छुड़ाने की कोशिश की, आरोपी पक्ष और उसके समर्थकों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। इस दौरान मुख्य आरोपी मौके से फरार हो गया।

बेहोशी की हालत में मिलीं दोनों बहनें

गरौल थाना अध्यक्ष सुनील कुमार के मुताबिक, पुलिस ने दोनों बहनों को आरोपी के घर से बेहोशी की हालत में बरामद किया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें हाजीपुर सदर अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

मुख्य आरोपी फरार, छापेमारी जारी

पुलिस ने पीड़िता की मां के बयान पर मामला दर्ज कर लिया है। मुख्य आरोपी सुबोध पासवान की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

थाना अध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास जारी है।

नोट: इस मामले में दुष्कर्म का आरोप लगाया गया है। इसकी पुष्टि पुलिस जांच और चिकित्सकीय रिपोर्ट के आधार पर होगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

  • ये भी पढ़े..

    JDU में बढ़ी अंदरूनी कलह! सांसद रामप्रीत मंडल का बड़ा दावा- ‘2 महीने से नीतीश कुमार से मिलने का समय नहीं मिला, सम्राट चौधरी ने 2 मिनट में बुला लिया’

    Share Add as a preferred…

    बांकीपुर उपचुनाव पर JDU का बड़ा दावा: ‘NDA जीतेगा 1 लाख वोटों से’, प्रशांत किशोर पर नीरज कुमार का तीखा हमला

    Share Add as a preferred…