बिहार में उद्योग निवेश को लेकर बड़ा कदम, 14 प्रमुख उद्यमियों के प्रस्तावों पर सरकार ने तेज की कार्रवाई

बिहार में उद्योग और निवेश को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार ने ठोस पहल शुरू कर दी है। शुक्रवार को मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में उद्योग वार्ता का आयोजन किया गया, जिसमें देश के 14 प्रमुख उद्यमियों ने भाग लिया। बैठक में उद्यमियों ने अपने निवेश प्रस्ताव रखे, जिस पर मुख्य सचिव ने गंभीरता से विचार करते हुए संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

इलेक्ट्रॉनिक सिटी से लेकर स्टील प्लांट तक निवेश प्रस्ताव

बैठक में वेलांकनी ग्रुप के सलाहकार शशि शेखर ने बिहार में 2000 एकड़ भूमि पर इंटीग्रेटेड इलेक्ट्रॉनिक सिटी स्थापित करने का प्रस्ताव दिया। वहीं, दिवाज स्टील प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक मोहित पटेल ने 150 एकड़ में स्टील प्लांट लगाने की योजना साझा की।

ओर्ना 24 के प्रबंध निदेशक कुंदन सर्राफ ने 24 कैरट ज्वेलरी मैन्युफैक्चरिंग यूनिट के लिए 100 एकड़ भूमि की मांग की, जबकि जियोफास्ट के साकेत बगारिया ने भी औद्योगिक इकाई लगाने के लिए भूमि आवंटन का अनुरोध किया।

फर्नीचर उद्योग और ग्रामीण नवाचार पर जोर

फर्नीचर सेक्टर में निवेश को लेकर पालन-जी इंडस्ट्रीज और सवेरा फर्नीचर के सुधीर केशरी ने आधुनिक फर्नीचर निर्माण प्लांट स्थापित करने का प्रस्ताव रखा। वहीं, आरा के उद्यमी और अपसाइक्लिंग एक्सपर्ट कुमार प्रशांत ने बाढ़ प्रभावित इलाकों के लिए जलवायु प्रतिरोधी गांव और फ्लोटिंग हाउस का मॉडल प्रस्तुत किया, जिसे ग्रामीण विकास के लिए उपयोगी माना जा रहा है।
“अभी नहीं तो कभी नहीं” के मंत्र पर काम कर रही सरकार
मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने कहा कि बिहार सरकार “अभी नहीं तो कभी नहीं” के मूल मंत्र के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य के विकास में महिलाओं की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है और महिला उद्यमियों को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि निवेश को सुगम बनाने के लिए जरूरत पड़ने पर नीतियों में बदलाव या नई नीति लाने से सरकार पीछे नहीं हटेगी।

उद्यमियों की शिकायतों पर त्वरित निर्देश

बैठक में उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार, उद्योग निदेशक मुकुल कुमार गुप्ता और ऊर्जा विभाग के सचिव मनोज सिंह मौजूद रहे। उद्यमियों द्वारा उठाई गई समस्याओं पर मुख्य सचिव ने तुरंत कार्रवाई के आदेश दिए।

ईएसई इनर्जी के प्रबंध निदेशक अनिल कुमार चौरसिया ने कैमूर जिले में एथनॉल प्लांट के पास जर्जर सड़क की शिकायत की, जिस पर पथ निर्माण विभाग को कुदरा ब्लॉक की सड़क को प्राथमिकता से दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया।

स्टार्टअप्स को भुगतान में तेजी के आदेश

स्टार्टअप निदेशक तान्या राज और फूडम फूड इंडिया के संस्थापक एवं सीईओ ने वित्तीय किस्तों में देरी की शिकायत रखी। इस पर मुख्य सचिव ने उद्योग विभाग को एक सप्ताह के भीतर जांच पूरी कर भुगतान सुनिश्चित करने का आदेश दिया।
तान्या राज ने शिक्षा विभाग के सहयोग से स्किल-बेस्ड ट्रेनिंग सेंटर शुरू करने और बिहार के युवाओं को रोजगार से जोड़ने की योजना भी साझा की।

  • Related Posts

    ​भागलपुर की सड़कों पर नगर निगम का ‘हंटर’: कचहरी से स्टेशन चौक तक हड़कंप, MLC के क्लीनिक के बाहर से भी गाड़ी जब्त; 45 हजार वसूला जुर्माना

    Share Add as a preferred…

    Continue reading
    भागलपुर में ‘पावरलूम’ की आड़ में मौत का सामान: रहमतबाग में मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़; मुंगेर से जुड़े हैं तार, 5 गिरफ्तार

    Share Add as a preferred…

    Continue reading