
भागलपुर | 13 अक्टूबर 2025: बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 की अधिसूचना जारी होते ही भागलपुर जिले में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। सोमवार को समीक्षा भवन में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी और वरीय पुलिस अधीक्षक हृदय कांत की संयुक्त अध्यक्षता में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। अधिकारियों ने बताया कि भागलपुर जिले के सातों विधानसभा क्षेत्रों में नामांकन की प्रक्रिया आज से शुरू हो गई है।
डीएम ने कहा कि नाम निर्देशन पत्र 20 अक्टूबर तक लिए जाएंगे। एनआई एक्ट की छुट्टियों को छोड़कर रोजाना सुबह 11 बजे से नामांकन प्रक्रिया चलेगी। उन्होंने बताया कि 21 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी, जबकि नाम वापसी की अंतिम तिथि 23 अक्टूबर निर्धारित की गई है।
नामांकन शुल्क की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि सामान्य उम्मीदवारों के लिए 10,000 रुपये और एससी/एसटी उम्मीदवारों के लिए 5,000 रुपये निर्धारित है। शुल्क का भुगतान नजारत शाखा के माध्यम से नाजिर रसीद देकर किया जा रहा है।
“हर गतिविधि पर पैनी नजर, शस्त्र जमा और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी”
डीएम डॉ. चौधरी ने कहा कि जिले के सभी चेकपोस्ट सक्रिय कर दिए गए हैं और वाहनों की गहन जांच की जा रही है। व्यय प्रेक्षक जिले में पहुंच चुके हैं और आचार संहिता के पालन को लेकर निगरानी बढ़ाई गई है।
उन्होंने बताया कि शस्त्र अनुज्ञप्तियों का सत्यापन पूरा हो चुका है और जमा कराने की प्रक्रिया भी पूरी की जा रही है। चुनाव के दौरान शांति भंग करने वालों पर BNS की धारा 126, 127, 128 और 129 के तहत कार्रवाई की जा रही है।
डीएम ने कहा कि जिले के वल्नरेबल (संवेदनशील) टोलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है और किसी भी सूचना पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी बोले— “नाका चालू, रोको-टोको अभियान जारी”
वरीय पुलिस अधीक्षक हृदय कांत ने बताया कि जिले के सभी नाके चालू कर दिए गए हैं। लंबित वारंटों के निष्पादन में तेजी लाई गई है और अब तक 91 वारंटों का निष्पादन कराया जा चुका है।
उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्रों में रोको-टोको अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत 102 वाहनों पर कार्रवाई की गई है।
एसएसपी ने बताया कि सीएपीएफ की टीमें जिले में सक्रिय हैं, वल्नरेबल इलाकों में फ्लैग मार्च कराया जा रहा है, जबकि CCA के तहत चिन्हित अपराधियों पर थाना-बदर की कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि काली पूजा को लेकर समन्वय समिति की बैठक की जा चुकी है और थाना एवं अनुमंडल स्तर पर शांति समिति की बैठकें संपन्न हो चुकी हैं।
उन्होंने कहा कि सभी कार्यक्रमों में मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का पालन सख्ती से सुनिश्चित किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने कहा:
“हमारा लक्ष्य है कि भागलपुर जिला में चुनाव पूरी पारदर्शिता और शांति के साथ संपन्न हो। सभी अधिकारी सतर्क रहें, यही हमारी प्राथमिकता है।”


