
भागलपुर, 17 जुलाई 2025: श्रावण मास में आस्था का जनसैलाब केवल सुलतानगंज से देवघर ही नहीं बल्कि भागलपुर के कहलगांव से भी देखने को मिल रहा है। उत्तरवाहिनी गंगा से गंगाजल लेकर भारी संख्या में कांवरिया झारखंड के दुमका स्थित बाबा बासुकीनाथ धाम के लिए रवाना हो रहे हैं।
कांवरियों की सेवा के लिए विभिन्न संगठनों और स्थानीय लोगों द्वारा जगह-जगह शिविर लगाए गए हैं, जहां उन्हें जल, भोजन, दवा और विश्राम की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
इस बार श्रद्धालुओं की आस्था का रूप बेहद आकर्षक दिख रहा है। कई कांवरिया 51 से लेकर 71 फीट तक की भव्य कांवर लेकर बाबा बासुकीनाथ के लिए प्रस्थान कर चुके हैं। ये विशालकाय कांवर साज-सज्जा और भक्ति के रंगों से सजाकर श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि कांवर यात्रा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।


