भागलपुर की नई जिलाधिकारी अलंकृता पांडे ने संभाला कार्यभार, श्रावणी मेला और कानून व्यवस्था रहेंगी प्राथमिकता

भागलपुर, 22 जून 2026। भागलपुर को नई प्रशासनिक कमान मिल गई है। नव पदस्थापित जिलाधिकारी ने रविवार को आधिकारिक रूप से पदभार ग्रहण कर लिया। उन्होंने जिलाधिकारी प्रकोष्ठ में निवर्तमान जिलाधिकारी से कार्यभार संभाला। पदभार ग्रहण के साथ ही भागलपुर प्रशासन में नए नेतृत्व की शुरुआत हो गई है।

कार्यभार ग्रहण करने से पहले समाहरणालय परिसर में नव पदस्थापित जिलाधिकारी को पुलिस बल के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इसके बाद औपचारिक प्रक्रिया पूरी करते हुए उन्होंने जिलाधिकारी कार्यालय में पदभार ग्रहण किया।

इस अवसर पर जिले के कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। इनमें उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, नगर आयुक्त , अपर समाहर्ता (राजस्व) दिनेश राम, अपर समाहर्ता धीरेंद्र कुमार मिश्रा, संयुक्त निदेशक जनसंपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता, गोपनीय प्रभारी सुधीर कुमार तथा कोषागार पदाधिकारी देवेंद्र कुमार समेत कई जिला स्तरीय अधिकारी शामिल रहे।

भागलपुर चुनौतियों भरा जिला, मिलकर करेंगे विकास

पदभार ग्रहण करने के बाद मीडिया से बातचीत में जिलाधिकारी अलंकृता पांडे ने कहा कि भागलपुर एक चुनौतीपूर्ण जिला है, लेकिन चुनौतियां ही विकास का अवसर भी बनती हैं।

उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता जिले के विकास कार्यों को गति देना और आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना होगा। उन्होंने भरोसा जताया कि सभी विभागों के समन्वय से भागलपुर को नई दिशा दी जाएगी।

“भागलपुर चुनौती भरा जिला है। मेरा मानना है कि चुनौतियों में ही विकास की संभावनाएं छिपी होती हैं। हम सभी मिलकर जिले को आगे बढ़ाएंगे।”

श्रावणी मेला पहली प्राथमिकता

नई जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि उनकी पहली और सबसे महत्वपूर्ण प्राथमिकता श्रावणी मेला रहेगा। उन्होंने कहा कि मेला के दौरान आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च जिम्मेदारी होगी।

उन्होंने निर्देश दिया कि मेला से जुड़ी तैयारियों की नियमित समीक्षा की जाएगी ताकि किसी भी श्रद्धालु को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

मोहर्रम और विधि-व्यवस्था पर विशेष नजर

जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि आने वाला मोहर्रम पर्व भी प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी जाएगी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

उनके अनुसार शांति, सौहार्द और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाया जाएगा।

पुल निर्माण कार्य और योजनाओं की होगी समीक्षा

भागलपुर में चल रहे महत्वपूर्ण पुल निर्माण कार्य को लेकर भी उन्होंने गंभीरता दिखाई। उन्होंने कहा कि लंबित परियोजनाओं की समीक्षा कर कार्य में तेजी लाई जाएगी ताकि जनता को जल्द राहत मिल सके।

साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी ताकि योजनाओं का लाभ समय पर आम लोगों तक पहुंचे।

नई जिलाधिकारी की नियुक्ति से प्रशासनिक स्तर पर नई उम्मीदें जगी हैं। अब सबकी नजर इस बात पर रहेगी कि उनके नेतृत्व में भागलपुर विकास और प्रशासनिक सुधार के नए आयाम कैसे तय करता है।

  • ये भी पढ़े..

    नेपाल में बारिश से कोसी उफान पर, बिहार में बाढ़ का खतरा बढ़ा

    Share Add as a preferred…

    लापरवाही ने ली मासूम की जान! हरिश्चंद्र स्टेडियम में गेट गिरने से बच्चे की मौत

    Share Add as a preferred…