
सिवान: जिले के दरौंदा रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। ट्रेन में चढ़ने के दौरान पैर फिसलने से एसटीएफ कमांडर राजेश प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार राजेश प्रसाद होली की छुट्टी बिताकर ड्यूटी पर लौट रहे थे। इसी दौरान दरौंदा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में चढ़ते समय उनका पैर फिसल गया और वे गिरकर बुरी तरह घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें अस्पताल भेजा गया।
मृतक के भाई ने बताया कि पुलिस की ओर से फोन कर परिवार को हादसे की जानकारी दी गई थी। जब परिजन अस्पताल पहुंचे, तब पता चला कि इलाज के दौरान उनकी मौत हो चुकी है।
उन्होंने बताया कि राजेश प्रसाद होली मनाने के लिए घर आए थे और छुट्टी खत्म होने के बाद ड्यूटी पर वापस जा रहे थे।
वहीं इस मामले में नगर थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि एसटीएफ के जवान ट्रेन से गिरकर घायल हो गए थे। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना की खबर मिलते ही परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।


