नवगछिया में टोटो सवार युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला, हालत नाजुक — मायागंज रेफर

भागलपुर | नवगछिया थाना क्षेत्र के नगरह-बिंदटोली रोड पर सोमवार रात एक सनसनीखेज घटना में टोटो सवार युवक पर जानलेवा हमला किया गया। चाकू से किए गए इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हालत गंभीर होने पर उसे मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर किया गया है।

घायल की पहचान

घायल युवक की पहचान नगरह निवासी बलभद्र झा के पुत्र राजा झा (उम्र लगभग 28 वर्ष) के रूप में हुई है।

घटना का पूरा घटनाक्रम

जानकारी के अनुसार, राजा झा टोटो से नवगछिया बाजार से सामान खरीदकर लौट रहे थे। जैसे ही टोटो बिंदटोली मोड़ के पास पहुंचा, तभी एक बाइक सवार युवक ने ओवरटेक कर टोटो को रुकवाया और अचानक राजा झा पर चाकू से ताबड़तोड़ वार करने लगा।

हमले में राजा झा के सिर और शरीर के कई हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं। टोटो चालक किस्मत राज ने तत्परता दिखाते हुए घायल को नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देख मायागंज रेफर कर दिया गया।

क्या बोले चश्मदीद टोटो चालक?

चालक किस्मत राज ने बताया,

“हम नगरह से नवगछिया बाजार आ रहे थे। राजा झा मेरे बगल में बैठे थे। जैसे ही बिंदटोली मोड़ के पास पहुंचे, मेरा टोटो खराब हो गया और लाइट भी बंद थी। तभी एक बाइक सवार युवक आकर राजा झा पर चाकू से ताबड़तोड़ वार करने लगा। बीच-बचाव में मुझे भी हाथ में चोट लगी। इसके बाद वह युवक बाइक से फरार हो गया।”

परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश

घटना की खबर मिलते ही राजा झा के दर्जनों परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंचे और आक्रोश जताया। सभी ने अपराधी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।

कारण अब तक स्पष्ट नहीं

फिलहाल इस हमले के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और फरार हमलावर की तलाश की जा रही है।

  • Related Posts

    भागलपुर में ‘इंसाफ’ की एक्सप्रेस रफ्तार! नेशनल लोक अदालत में उमड़ा जनसैलाब, DM-SSP ने सुलझाए बरसों पुराने विवाद

    Share Add as a preferred…

    Continue reading

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *