बिहार के मुंगेर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी के महज नौ दिन बाद ही एक नवविवाहिता अचानक ससुराल से लापता हो गई। दुल्हन के गायब होने की खबर मिलते ही ससुराल और मायके पक्ष में अफरा-तफरी मच गई। देर रात तक परिजन उसकी तलाश में जुटे रहे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। आखिरकार परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह घटना अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।
1 दिसंबर को हुई थी शादी, 10 दिसंबर को हुई लापता
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह मामला तारापुर थाना क्षेत्र का है। मानिकपुर गांव निवासी संतोष कुमार झा की पुत्री स्नेहा कुमारी की शादी 1 दिसंबर 2025 को साढ़ी गांव निवासी जितेंद्र झा के साथ पूरे विधि-विधान से संपन्न हुई थी। शादी के अगले दिन यानी 2 दिसंबर को स्नेहा अपने ससुराल पहुंची थी।
परिजनों के अनुसार, 10 दिसंबर की शाम स्नेहा बाथरूम जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटी। जब काफी इंतजार के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला तो ससुराल पक्ष ने खोजबीन शुरू की। आसपास के इलाकों में तलाश करने के बावजूद जब कोई जानकारी नहीं मिली, तब मायके पक्ष को सूचना दी गई और दोनों परिवारों ने मिलकर तारापुर थाना में शिकायत दर्ज कराई
धनबाद के युवक पर बहला-फुसलाकर भगाने का आरोप
स्नेहा की मां सोनी देवी ने झारखंड के धनबाद जिले के रहने वाले कुंदन यादव पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने पुलिस को दिए बयान में कहा है कि कुंदन यादव उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया है। मां का आरोप है कि युवक छठ पूजा के दौरान अक्सर उनके घर आता-जाता था और उसने अपना नाम आदित्य बताया था।
मां के बयान के आधार पर पुलिस ने कुंदन यादव के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
CCTV फुटेज में युवक के साथ जाती दिखी नवविवाहिता
स्नेहा की सास अंजना देवी ने बताया कि आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच करने पर एक अहम सुराग हाथ लगा है। फुटेज में स्नेहा जींस और कुर्ती पहने हुए एक युवक के साथ जाती हुई दिखाई दे रही है। परिजनों का यह भी कहना है कि स्नेहा अपने साथ सोने-चांदी के कीमती जेवरात भी ले गई है, जिससे मामला और भी संदिग्ध हो गया है।
पुलिस कर रही है छापेमारी, जल्द खुलासे का दावा
इस पूरे मामले को लेकर तारापुर थानाध्यक्ष राजकुमार ने बताया कि नवविवाहिता की गुमशुदगी को लेकर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी युवक और महिला की तलाश तेज कर दी गई है।
थानाध्यक्ष ने कहा कि जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और परिजनों से भी लगातार पूछताछ की जा रही है।


