फोन पर मांगे पैसे, नहीं मिले तो मार डाला – नालंदा मे 24 वर्षीय युवक की बेरहमी से हत्या

बिहार के नालंदा जिले में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। मामला बिहार थाना क्षेत्र स्थित डॉक्टर्स कॉलोनी के पीछे खाली मैदान का है, जहां शुक्रवार की सुबह एक युवक का शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान नूरसराय थाना क्षेत्र के कोकलक चक गांव निवासी सूर्यमणि प्रसाद के 24 वर्षीय पुत्र गोलू उर्फ मंटू कुमार के रूप में हुई है।


शरीर पर मिले मारपीट के निशान, हत्या की आशंका

परिजनों ने युवक के शरीर पर गंभीर चोट के निशान होने का दावा किया है। उनका आरोप है कि गोलू के हाथ-पैर बांधकर पहले बेरहमी से मारपीट की गई, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपियों ने शव को रात के अंधेरे में सुनसान जगह पर लाकर फेंक दिया।


बिहारशरीफ में रहकर करता था पढ़ाई और काम

मृतक की बहन प्रिया कुमारी ने बताया कि गोलू पिछले दो वर्षों से बिहारशरीफ में रहकर पढ़ाई कर रहा था और साथ ही एक लैंड ब्रोकर के साथ काम करता था। उसी से वह अपने खर्च और पढ़ाई की व्यवस्था करता था। गुरुवार की रात उसकी मां से गोलू की फोन पर बातचीत हुई थी, जिसमें उसने जल्द घर आने की बात कही थी।


लेन-देन के विवाद में हत्या का आरोप

परिजनों के अनुसार, रात करीब 11 बजे गोलू के मोबाइल से फोन आया, जिसमें किसी व्यक्ति ने 20 हजार रुपये की मांग की और पैसे नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी। बहन प्रिया कुमारी ने तत्काल 3 हजार रुपये भेजे, लेकिन इसके बाद भी लगातार पैसों की मांग होती रही। कुछ देर बाद मोबाइल फोन स्विच ऑफ हो गया।

सुबह करीब 3 बजे गोलू के एक दोस्त का फोन आया, जिसने बताया कि उसकी हालत गंभीर है और उसे अस्पताल में भर्ती कराना है। इसके बाद दोबारा संपर्क करने पर फोन बंद मिला। परिजनों का आरोप है कि पैसे नहीं देने पर गोलू की बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी गई।


पुलिस ने शव भेजा पोस्टमार्टम के लिए

सूचना मिलने पर बिहार थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, बिहारशरीफ भेज दिया। घटनास्थल से साक्ष्य भी एकत्र किए गए हैं।

एएसपी नूरुल हक ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर मौत के सही कारणों का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल मामले की गहन छानबीन जारी है।


 

  • Related Posts