
भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के सुपरस्टार पवन सिंह और उनकी पत्नी ज्योति सिंह के बीच चल रहे तलाक के मामले में हाल ही में अहम सुनवाई हुई। इस दौरान पवन सिंह ने जस्टिस आशुतोष कुमार के समक्ष स्पष्ट कर दिया कि वे अब ज्योति सिंह के साथ नहीं रहना चाहते और तलाक चाहते हैं। उन्होंने अदालत को यह भी बताया कि वे मामले को आपसी सहमति से ‘वन टाइम सेटलमेंट’ के जरिए निपटाने के लिए तैयार हैं।
सुलह की कोशिशें रुक गईं, ज्योति नहीं पहुँचीं कोर्ट
अदालत ने दोनों पक्षों को ‘रिकॉन्सिलिएशन’ प्रक्रिया के तहत आमने-सामने बैठने के लिए बुलाया था। पवन सिंह तय समय पर कोर्ट पहुँचे, लेकिन ज्योति सिंह किन्हीं कारणों से उपस्थित नहीं हो सकीं। पवन के वकील सुमन कुमार के अनुसार, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भी संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। इस वजह से सुलह की कोशिश फिलहाल अधूरी रह गई।
हनुमानगढ़ी में दर्शन और कोर्ट से मायूसी
सुनवाई से पहले पवन सिंह महौली गांव स्थित हनुमानगढ़ी मंदिर पहुंचे और पूजा-अर्चना की। इसके बाद वे दोपहर करीब 2:20 बजे कोर्ट पहुंचे। कोर्ट से बाहर निकलते समय उनके चेहरे पर मायूसी साफ देखी गई। कानूनी विशेषज्ञों का मानना है कि दोनों के बीच बढ़ती दूरियों और ज्योति सिंह की अनुपस्थिति के कारण यह कानूनी प्रक्रिया लंबी हो सकती है।
सोशल मीडिया पर ज्योति सक्रिय, भावुक मोड़ रहा पिछला
जहाँ एक तरफ कोर्ट में तलाक की प्रक्रिया चल रही है, वहीं दूसरी तरफ ज्योति सिंह सोशल मीडिया पर सक्रिय दिखीं। हाल ही में उन्होंने छठ पूजा का एक वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने पारंपरिक रूप से सिंदूर लगाकर पूजा की। इससे प्रशंसकों के बीच चर्चाओं का सिलसिला शुरू हो गया। गौरतलब है कि पिछली सुनवाई में जब पवन सिंह नदारद थे, तब ज्योति सिंह कोर्ट में भावुक होकर रो पड़ी थीं और उन्होंने केवल ‘न्याय’ की मांग की थी।


