
बिहारशरीफ | बिहार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने शुक्रवार को नालंदा जिले का दौरा कर पंचायती राज विभाग की योजनाओं की समीक्षा की। बिहारशरीफ सर्किट हाउस में आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने पंचायत सरकार भवन, कन्या विवाह मंडप, सोलर स्ट्रीट लाइट, मोक्ष धाम, सहयोग शिविर और आगामी पंचायत चुनाव को लेकर कई महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।
134 पंचायत सरकार भवन पूरी तरह संचालित
मंत्री ने बताया कि नालंदा जिले की 227 पंचायतों में से 134 पंचायत सरकार भवनों का निर्माण पूरा हो चुका है और वे पूरी तरह कार्यरत हैं। शेष 87 पंचायतों में निर्माण कार्य जारी है।
उन्होंने कहा कि पंचायत सरकार भवनों को ‘मिनी सचिवालय’ के रूप में विकसित किया जा रहा है, ताकि ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
पोस्ट ऑफिस और आधार केंद्र की सुविधा
दीपक प्रकाश ने बताया कि जिले के 51 पंचायत सरकार भवनों में पोस्ट ऑफिस शुरू हो चुके हैं।
उन्होंने कहा कि जल्द ही इन भवनों में आधार केंद्र भी संचालित किए जाएंगे। इसके लिए कार्यपालक सहायकों का प्रशिक्षण और प्रमाणन (सर्टिफिकेशन) कराया जा रहा है।
हर पंचायत में बनेगा कन्या विवाह मंडप
सरकार की योजना के तहत प्रत्येक पंचायत में कन्या विवाह मंडप बनाया जाएगा।
नालंदा जिले की 24 पंचायतों में इसकी स्वीकृति मिल चुकी है, जबकि 16 पंचायतों का विस्तृत प्राक्कलन (एस्टीमेट) तैयार हो चुका है।
इसके अलावा जिले में 115 मोक्ष धाम (श्मशान/कब्रिस्तान) चिन्हित किए गए हैं, जिनका विकास जल्द शुरू होगा।
सोलर स्ट्रीट लाइट लक्ष्य लगभग पूरा
मंत्री के अनुसार, सोलर स्ट्रीट लाइट योजना के तहत जिले में 32,900 लाइटें लगाने का लक्ष्य रखा गया था।
अब तक 32,710 लाइटें लगाई जा चुकी हैं और शेष 190 लाइटें इसी महीने स्थापित कर दी जाएंगी।
‘सहयोग शिविर’ से 711 मामलों का समाधान
पंचायतों में आयोजित ‘सहयोग शिविर’ के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है।
नालंदा जिले में अब तक 753 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 711 मामलों का निपटारा किया जा चुका है। शेष मामलों के भी एक महीने के भीतर समाधान का दावा किया गया है।
पंचायत चुनाव में पहली बार मल्टी-पोस्ट EVM
आगामी पंचायत चुनाव को लेकर मंत्री ने कहा कि इस बार मतदान प्रक्रिया में बड़ा बदलाव होगा।
उन्होंने बताया कि 6 पदों के लिए चुनाव कराने हेतु एक कंट्रोल यूनिट और छह अलग-अलग बैलेट यूनिट वाली मल्टी-पोस्ट EVM का उपयोग किया जाएगा, जिससे मतदान प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सरल बनेगी।
आरक्षण का नया रोस्टर होगा लागू
दीपक प्रकाश ने कहा कि 10 वर्ष पूरे होने के कारण इस बार पंचायत चुनाव में आरक्षण का नया रोस्टर लागू किया जाएगा।
हालांकि जिला परिषद अध्यक्ष और प्रमुख का चुनाव पहले की तरह अप्रत्यक्ष प्रणाली से ही होगा, क्योंकि प्रत्यक्ष चुनाव के लिए संवैधानिक संशोधन आवश्यक है।
बांकीपुर उपचुनाव पर भी दिया बयान
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री ने दावा किया कि वहां मुकाबला एकतरफा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में केंद्र और बिहार सरकार के कार्यों के आधार पर एनडीए उम्मीदवार अभिषेक कुमार सिन्हा की जीत तय है।


