
बिहार के नालंदा में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ‘समृद्धि यात्रा’ के दौरान एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मौके पर तैनात एक महिला पुलिसकर्मी की सतर्कता और बहादुरी ने सड़क पार कर रही एक मासूम बच्ची को मौत के मुंह में जाने से बचा लिया।
घटना उस समय की है जब मुख्यमंत्री का काफिला नालंदा कॉलेज से भराव स्थित नवनिर्मित फ्लाईओवर के उद्घाटन के लिए जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, काफिला जैसे ही भैंसासुर देवी रांची रोड स्थित देवी स्थान के पास पहुंचा, अचानक एक छोटी बच्ची दौड़ते हुए सड़क के बीच आ गई।
उसी समय काफिले के साथ चल रही एक एम्बुलेंस तेज रफ्तार से वहां से गुजर रही थी। बच्ची और एम्बुलेंस के बीच की दूरी बेहद कम रह गई, जिससे मौके पर मौजूद लोगों की सांसें थम गईं और बड़ा हादसा होने की आशंका बन गई।
पुलिसकर्मी की बहादुरी से टली अनहोनी
स्थिति की गंभीरता को समझते हुए वहां ड्यूटी पर तैनात महिला पुलिसकर्मी ने बिना समय गंवाए तेजी से सड़क की ओर दौड़ लगाई। उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना फुर्ती दिखाते हुए बच्ची को एम्बुलेंस की चपेट में आने से ठीक पहले सुरक्षित खींच लिया।
उनकी इस बहादुरी से न सिर्फ एक मासूम की जान बच गई, बल्कि मुख्यमंत्री के काफिले के बीच होने वाली एक बड़ी दुर्घटना भी टल गई।
लोगों ने बताया ‘रियल हीरो’
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों और राहगीरों ने राहत की सांस ली। स्थानीय लोगों ने महिला पुलिसकर्मी की जमकर सराहना करते हुए उन्हें ‘रियल हीरो’ बताया। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते यह साहसिक कदम नहीं उठाया जाता, तो एक बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी महिला पुलिसकर्मी की बहादुरी की चर्चा हो रही है। यह घटना पुलिस की सतर्कता, मानवीय संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा का एक बेहतरीन उदाहरण बनकर सामने आई है।


