प्रेम प्रसंग बना मौत की वजह! 6 बच्चों की मां की पीट-पीटकर हत्या, आरोपी प्रेमी परिवार समेत फरार

रोहतास | सासाराम: बिहार के रोहतास जिले से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। शिवसागर थाना क्षेत्र के मचवार गांव में कथित प्रेम प्रसंग को लेकर 6 बच्चों की मां की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतका की पहचान 44 वर्षीय सरिता देवी के रूप में हुई है, जो मुन्ना बिंद की पत्नी थीं। बताया जा रहा है कि सरिता देवी का गांव के ही रहने वाले कमलेश बिंद के साथ कई वर्षों से प्रेम संबंध था। इस रिश्ते को लेकर दोनों परिवारों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।

खेत में हुआ विवाद, फिर चली लाठियां

जानकारी के मुताबिक शनिवार को सरिता देवी खेत में साग तोड़ने गई थीं। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनका कमलेश बिंद से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद इतना बढ़ गया कि कमलेश बिंद और उसके परिवार के लोगों ने सरिता देवी की बेरहमी से पिटाई कर दी।

मारपीट में गंभीर रूप से घायल सरिता देवी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई।

पति ने लगाए गंभीर आरोप

मृतका के पति मुन्ना बिंद, जो बाहर रहकर मजदूरी करते हैं, ने आरोप लगाया है कि हत्या की घटना में कमलेश बिंद के साथ उसके परिवार के अन्य सदस्य भी शामिल थे।

आरोपी परिवार समेत फरार

घटना के बाद आरोपी कमलेश बिंद अपने परिवार के साथ फरार बताया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेज दिया।

पुलिस ने शुरू की जांच

मामले की जानकारी मिलते ही एसडीपीओ-1 विप्लव कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

एसडीपीओ विप्लव कुमार ने कहा कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।

  • ये भी पढ़े..

    पटना मेट्रो निर्माण ने पकड़ी रफ्तार, बेली रोड पर बढ़ेगी घेराबंदी; ट्रैफिक डायवर्जन प्लान पर मंथन

    Share Add as a preferred…

    प्रेमिका से मिलने पहुंचा प्रेमी, ग्रामीणों ने पकड़कर मंदिर में कराई शादी; बेतिया की घटना चर्चा में

    Share Add as a preferred…