CJP का सरकार को अल्टीमेटम: ‘अब हम नहीं जाएंगे, सरकार जंतर-मंतर आए’; अभिजीत दीपके ने लगाए गंभीर आरोप

नई दिल्ली: NEET पेपर लीक और शिक्षा सुधारों को लेकर जारी आंदोलन के बीच कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने केंद्र सरकार के खिलाफ अपना रुख और सख्त कर दिया है। जंतर-मंतर पर चल रहे धरने के दौरान CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने साफ कहा कि संगठन अपनी मांगों से पीछे नहीं हटेगा और अब सरकार से बातचीत के लिए खुद आगे नहीं जाएगा। उनका कहना है कि यदि सरकार बातचीत चाहती है तो उसे जंतर-मंतर आकर प्रदर्शनकारियों से संवाद करना होगा।

‘मांगें नहीं बदलेंगी, लड़ाई जारी रहेगी’

मीडिया से बातचीत में अभिजीत दीपके ने कहा कि CJP की तीन प्रमुख मांगें पहले की तरह कायम हैं—

  • केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा।
  • कथित प्रभावित परिवारों को 1 करोड़ रुपये का मुआवजा।
  • सोनम वांगचुक की तत्काल रिहाई।

उन्होंने कहा कि यह लंबी लड़ाई है, लेकिन संगठन पीछे हटने वाला नहीं है और अपनी मांगों को लेकर आंदोलन जारी रहेगा।

दिल्ली पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

सोमवार के प्रदर्शन के दौरान हुई झड़पों को लेकर अभिजीत दीपके ने दिल्ली पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि पूरे घटनाक्रम की पहले से योजना बनाई गई थी। दीपके ने आरोप लगाया कि जंतर-मंतर के आसपास पत्थरों से भरे ट्रक मौजूद थे और कुछ लोग सिविल ड्रेस में लाठी-डंडों के साथ दिखाई दिए।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने नेम टैग हटाकर प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई की। हालांकि, इन आरोपों पर दिल्ली पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि या प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

जेपी नड्डा से बातचीत पर जताई नाराजगी

सोमवार को CJP प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा से मुलाकात कर अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा था। मुलाकात के बाद जेपी नड्डा ने बातचीत को सकारात्मक बताते हुए प्रदर्शनकारियों से शांति बनाए रखने की अपील की थी।

वहीं, CJP नेताओं का कहना है कि इस बैठक से कोई ठोस परिणाम नहीं निकला और बातचीत बेनतीजा रही।

24वें दिन भी जारी सोनम वांगचुक का अनशन

इस आंदोलन से जुड़े सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने मंगलवार को भी अपना भूख हड़ताल जारी रखा। CJP के अनुसार, उन्होंने मांगें पूरी होने और छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के मुद्दे का समाधान होने तक अनशन समाप्त नहीं करने का फैसला किया है। वहीं, उनकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर चिकित्सकीय निगरानी जारी है।

  • ये भी पढ़े..

    मछली उत्पादन को मिलेगी नई उड़ान: बिहार सरकार बनाएगी जलकृषि आधारभूत संरचना विकास निगम

    Share Add as a preferred…

    जीविका के 2,446 नवनियुक्त कर्मियों को मिला नियुक्ति पत्र, मंत्री बोले- महिला रोजगार योजना लागू करने वाला पहला राज्य है बिहार

    Share Add as a preferred…