बिहार में उर्वरक की कोई कमी नहीं, कालाबाजारी पर होगी सख्त कार्रवाई: कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा

पटना: बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा है कि राज्य में किसानों के लिए उर्वरकों का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और किसी भी जिले में खाद की कमी नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों को समय पर गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है, जबकि उर्वरक और बीज की कालाबाजारी, जमाखोरी तथा अधिक कीमत वसूलने के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है।

राज्य में पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है उर्वरक

कृषि मंत्री ने बताया कि 20 जुलाई 2026 तक राज्य में 4.55 लाख मीट्रिक टन यूरिया, 1.38 लाख मीट्रिक टन डीएपी, 2.54 लाख मीट्रिक टन एनपीके, 0.69 लाख मीट्रिक टन एमओपी और 1.29 लाख मीट्रिक टन एसएसपी का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। अधिकारियों को स्थानीय आवश्यकता और फसल क्षेत्र के अनुसार प्रखंडवार उर्वरकों का आवंटन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

44 एफआईआर, 265 लाइसेंस रद्द

उन्होंने कहा कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में 20 जुलाई तक उर्वरक वितरण में अनियमितता के मामलों में 44 उर्वरक प्रतिष्ठानों पर एफआईआर दर्ज की गई है, जबकि 265 प्रतिष्ठानों के उर्वरक प्राधिकार पत्र (लाइसेंस) रद्द किए गए हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पॉस मशीन में दर्ज स्टॉक और वास्तविक उपलब्ध उर्वरक का नियमित मिलान किया जाए तथा गड़बड़ी मिलने पर तत्काल कठोर कार्रवाई की जाए।

निरीक्षण और छापेमारी अभियान जारी

कृषि मंत्री ने बताया कि मुख्यालय स्तर पर गठित उड़नदस्ता दल उर्वरक एवं बीज से संबंधित शिकायतों के आधार पर लगातार निरीक्षण और छापेमारी कर रहा है। वहीं, जिला स्तर पर भी कृषि विभाग की टीमें नियमित रूप से उर्वरक एवं बीज प्रतिष्ठानों की जांच कर रही हैं। विभाग के वरिष्ठ अधिकारी समय-समय पर जिलों का दौरा कर वितरण व्यवस्था की समीक्षा करेंगे।

संतुलित उर्वरक उपयोग की अपील

विजय कुमार सिन्हा ने किसानों से वैज्ञानिक और संतुलित तरीके से उर्वरकों का उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि इससे उत्पादन बढ़ाने के साथ-साथ मिट्टी की उर्वरता भी बनी रहती है और किसानों का अनावश्यक खर्च भी कम होता है।

यूरिया की कीमत और सब्सिडी की जानकारी

कृषि मंत्री ने बताया कि एक बैग यूरिया की वास्तविक लागत लगभग 2,232 रुपये है, जबकि सरकार करीब 1,966 रुपये प्रति बैग सब्सिडी दे रही है। इसी वजह से किसानों को यूरिया 266.50 रुपये प्रति बैग की निर्धारित दर पर उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने किसानों से निर्धारित मूल्य पर ही उर्वरक खरीदने और किसी भी अनियमितता की सूचना तुरंत विभाग को देने की अपील की।

शिकायत के लिए हेल्पलाइन और व्हाट्सएप नंबर जारी

उर्वरक और बीज से जुड़ी शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए कृषि विभाग ने मुख्यालय स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किया है। किसान हेल्पलाइन नंबर 0612-22335555 तथा व्हाट्सएप नंबर 7766085888 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि प्रत्येक शिकायत पर 24 घंटे के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाए।

  • ये भी पढ़े..

    लोकसभा में TMC के 20 बागी सांसदों को नहीं मिली अलग दल की मान्यता, सदन में अलग बैठने की मांग भी खारिज

    Share Add as a preferred…

    NEET पेपर लीक पर पहली बार बोले पीएम मोदी: ‘दोषियों को मिलेगी कड़ी सजा, युवाओं के भविष्य से नहीं होगा खिलवाड़’

    Share Add as a preferred…