विदेश जाने वाले कामगारों के सुरक्षित प्रवासन पर बिहार सरकार का जोर, पटना में पीडीओटी प्रशिक्षक कार्यशाला आयोजित

पटना: विदेशों में रोजगार के लिए जाने वाले बिहार के कामगारों के सुरक्षित और सुव्यवस्थित प्रवासन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बिहार सरकार ने नई पहल की है। युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के अंतर्गत बिहार राज्य समुद्रपार नियोजन ब्यूरो की ओर से सोमवार को पटना के नियोजन भवन स्थित प्रतिबिंब सभागार में प्रस्थान पूर्व उन्मुखीकरण प्रशिक्षण (पीडीओटी) प्रशिक्षक कार्यशाला का आयोजन किया गया।

सुरक्षित और पारदर्शी विदेशी रोजगार पर सरकार का फोकस

कार्यशाला की अध्यक्षता नियोजन एवं प्रशिक्षण के निदेशक-सह-मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी एवं बिहार राज्य समुद्रपार नियोजन ब्यूरो के निदेशक सुनील कुमार ने की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता बिहार के युवाओं को सुरक्षित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण विदेशी रोजगार उपलब्ध कराना है, ताकि वे वैश्विक स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें और राज्य के आर्थिक विकास में योगदान दे सकें।

उन्होंने प्रशिक्षकों से अधिकृत विदेशी नियोक्ता एजेंसियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया, जिससे युवाओं को सुरक्षित माध्यम से रोजगार के अवसर मिल सकें।

सुरक्षित प्रवासन के सभी पहलुओं पर मिला प्रशिक्षण

कार्यशाला में प्रशिक्षकों को विदेश जाने वाले कामगारों के लिए प्रस्थान पूर्व आवश्यक तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी गई। इसमें कार्यस्थल पर अधिकार एवं दायित्व, संबंधित देशों के श्रम कानून, स्थानीय संस्कृति एवं सामाजिक रीति-रिवाज, सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देश तथा विदेश में आने वाली चुनौतियों से निपटने के उपाय शामिल रहे।

ई-माइग्रेंट पोर्टल के उपयोग की दी गई जानकारी

प्रशिक्षण के दौरान ई-माइग्रेंट पोर्टल और विदेश मंत्रालय की आधिकारिक प्रणाली के उपयोग, प्रशिक्षक एवं संस्थान लॉग-इन प्रक्रिया, श्रमिकों के पंजीकरण, डाटा एंट्री और बैच प्रबंधन की जानकारी भी दी गई। साथ ही आवश्यक दस्तावेज, आपातकालीन संपर्क नंबर, भारतीय दूतावास की भूमिका और सहायता प्राप्त करने के लिए उपलब्ध ऑनलाइन सुविधाओं के बारे में भी प्रशिक्षकों को अवगत कराया गया।

प्रशिक्षकों को बनाया जाएगा सक्षम

अधिकारियों ने बताया कि पीडीओटी प्रशिक्षण का उद्देश्य प्रशिक्षकों को इस प्रकार तैयार करना है कि वे विदेश में रोजगार के इच्छुक युवाओं का प्रभावी मार्गदर्शन कर सकें तथा उन्हें सुरक्षित, व्यवस्थित और सफल प्रवास के लिए तैयार करें। इससे युवाओं को विदेश में रोजगार के दौरान होने वाली ठगी और अन्य कठिनाइयों से बचाने में भी मदद मिलेगी।

कार्यक्रम में संयुक्त निदेशक (नियोजन) प्रियंका कुमारी, उप निदेशक (नियोजन) श्याम प्रकाश शुक्ला, उप निदेशक (नियोजन) अश्वजीत कुमार परासर, विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तथा राज्य के सभी जिलों के नियोजन पदाधिकारी उपस्थित रहे।

  • ये भी पढ़े..