
पटना: जन सुराज अभियान के सूत्रधार प्रशांत किशोर (पीके) ने शनिवार को पटना के बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के सिपारा इलाके में पदयात्रा के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि बांकीपुर में जन सुराज की बढ़ती सक्रियता से भाजपा पूरी तरह घबरा गई है और अपने गढ़ को बचाने के लिए बड़े पैमाने पर नेताओं और कार्यकर्ताओं को मैदान में उतारना पड़ा है।
“एक आदमी खड़ा हुआ तो भाजपा थर-थर कांप रही”
पदयात्रा को संबोधित करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा, “एक आदमी बांकीपुर में खड़ा हो गया तो पूरी भाजपा ऊपर से नीचे तक थर-थर कांप रही है। बांकीपुर का किला बचाने के लिए हजारों कार्यकर्ताओं को मैदान में उतार दिया गया है।”
उन्होंने आरोप लगाया कि जिन इलाकों में पहले भाजपा के नेता वोट मांगने तक नहीं जाते थे, वहां अब मंत्री सुबह-शाम दौरा कर रहे हैं।
“यही लोकतंत्र की ताकत है”
प्रशांत किशोर ने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत जनता होती है। उनके अनुसार, जनता के दबाव के कारण ही सत्ताधारी दल को उन क्षेत्रों में भी सक्रिय होना पड़ रहा है, जहां पहले वह ध्यान नहीं देता था।
“जनता इस बार जवाब देगी”
जन सुराज के नेता ने कहा कि राजनीतिक दल चाहे जितनी बैठकें कर लें, अंतिम फैसला जनता करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस तरह जनता को अब तक ठगा गया है, इस बार जनता चुनाव में उसका जवाब देगी।
उन्होंने कहा, “कोई कितनी भी बैठक कर ले, जैसे इन्होंने जनता को ठगा है, वैसे ही जनता इन्हें ठगेगी।”
बांकीपुर में जनसंपर्क अभियान जारी
जन सुराज की ओर से बताया गया कि विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत बांकीपुर क्षेत्र में लगातार पदयात्रा और जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को सिपारा इलाके में पदयात्रा आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में समर्थक और स्थानीय लोग शामिल हुए।
नोट: यह बयान जन सुराज की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति पर आधारित है। इसमें व्यक्त आरोप और दावे संबंधित नेता के हैं।


