
पटना: बिहार में पर्यटन को नई उड़ान देने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को बिहार हेली-टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म सेवा योजना-2026 के तहत ‘पटना जॉय राइड’ का शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने हेलीकॉप्टर जॉय राइड से सफर करने वाले पर्यटकों को टिकट प्रदान कर सेवा की औपचारिक शुरुआत की।
इसी कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पटना हवाई अड्डा परिसर स्थित बिहार फ्लाइंग इंस्टीट्यूट (BFI) के नवनिर्मित अत्याधुनिक हैंगर का उद्घाटन भी किया।
चार प्रशिक्षुओं को मिला कमर्शियल पायलट लाइसेंस
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कमर्शियल पायलट लाइसेंस (CPL) का प्रशिक्षण पूरा करने वाले कैप्टन कुमार धैर्य, कैप्टन जीनियस विवेक, कैप्टन कर्ण कुमार भारती और कैप्टन सोनल मान सिंह को प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि बिहार सरकार चाहती है कि राज्य के युवा विमानन जैसे आधुनिक और संभावनाओं से भरपूर क्षेत्र में आगे बढ़ें तथा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करें।
पर्यटन को मिलेगी नई पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार हेली-टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म सेवा योजना-2026 राज्य के पर्यटन क्षेत्र को नई गति देगी। इसके माध्यम से पर्यटक बिहार के ऐतिहासिक, धार्मिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक स्थलों का हवाई दृश्य देख सकेंगे।
उन्होंने कहा कि इस पहल से पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, निवेश आकर्षित होगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
बिहार को विमानन हब बनाने की दिशा में प्रयास
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार नागरिक उड्डयन और पर्यटन क्षेत्र की आधारभूत संरचना को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। नए हवाईअड्डों के विकास, विमानन सुविधाओं के विस्तार और आधुनिक प्रशिक्षण व्यवस्था के जरिए बिहार को पूर्वी भारत के प्रमुख विमानन केंद्र के रूप में विकसित करने का लक्ष्य है।
उन्होंने कहा कि हेली-टूरिज्म और एयर टूरिज्म जैसी अभिनव योजनाएं राज्य के पर्यटन मानचित्र को और समृद्ध करेंगी तथा देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
कार्यक्रम में कई मंत्री और अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, सिविल विमानन विभाग के सचिव निलेश रामचंद्र देवड़े, पटना प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक जितेंद्र राणा, पर्यटन विभाग के निदेशक उदयन मिश्रा, बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम के प्रबंध निदेशक नंद किशोर, पटना के वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी एवं हेलीकॉप्टर जॉय राइड के पहले यात्री उपस्थित रहे।


