
किशनगंज: बिहार के किशनगंज जिले की पोठिया थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी से अपहृत 16 वर्षीय किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस की तकनीकी जांच, मोबाइल सर्विलांस और त्वरित कार्रवाई के चलते यह सफलता मिली। फिलहाल मामले में नामजद अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
14 जुलाई को दर्ज हुई थी अपहरण की शिकायत
पुलिस के अनुसार, 14 जुलाई को पीड़िता के परिजनों ने पोठिया थानाध्यक्ष कैप्टन संजय कुमार पांडे को लिखित आवेदन देकर अपनी नाबालिग बेटी के अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी। परिजनों ने बेटी की सुरक्षित बरामदगी की गुहार लगाई थी।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
BNS की धाराओं में दर्ज हुआ केस
पीड़िता के नाबालिग होने और मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की। जांच की जिम्मेदारी महिला पुलिस पदाधिकारी पिंकी कुमारी को सौंपी गई।
तकनीकी जांच से मिला सुराग
जांच के दौरान पुलिस ने मोबाइल सर्विलांस, वैज्ञानिक साक्ष्यों और खुफिया इनपुट का सहारा लिया। तकनीकी जानकारी मिलने के बाद महिला पुलिस अधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी पहुंची और वहां छापेमारी कर किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया।
CWC के समक्ष पेश, काउंसिलिंग जारी
बरामदगी के बाद किशोरी को नियमानुसार बाल कल्याण समिति (CWC), किशनगंज के समक्ष प्रस्तुत किया गया। फिलहाल विशेषज्ञों द्वारा उसकी काउंसिलिंग की जा रही है। इसके बाद न्यायालय में बयान और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
आरोपियों की तलाश जारी
पोठिया थानाध्यक्ष कैप्टन संजय कुमार पांडे ने किशोरी की सुरक्षित बरामदगी की पुष्टि करते हुए कहा,
“पुलिस मामले के सभी कानूनी और अन्य पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।”
पुलिस का कहना है कि मामले में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद किशोरी को उसके परिजनों को सौंप दिया जाएगा।


