
पटना/हाजीपुर: लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। इसके साथ ही उन्होंने यूपी में ‘पंडित-पासी-पासवान’ फॉर्मूले के आधार पर जनता के बीच जाने की रणनीति का भी खुलासा किया।
सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी
अपने संसदीय क्षेत्र के दौरे के दौरान मीडिया से बातचीत में चिराग पासवान ने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) उत्तर प्रदेश में पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी। उन्होंने कहा कि जिस तरह बिहार के लिए ‘बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट’ विजन तैयार किया गया था, उसी तरह उत्तर प्रदेश के विकास के लिए भी एक व्यापक योजना बनाई जा रही है।
क्या है ‘पंडित-पासी-पासवान’ फॉर्मूला?
चिराग पासवान ने कहा कि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश में ‘पंडित-पासी-पासवान’ फॉर्मूले के साथ चुनाव लड़ेगी। उनके अनुसार यह केवल तीन जातियों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलना है।
उन्होंने कहा कि इस फॉर्मूले में अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग और सवर्ण समाज समेत सभी वर्गों को प्रतिनिधित्व देने की सोच शामिल है।
भरत तिवारी एनकाउंटर का किया जिक्र
चिराग पासवान ने कहा कि अत्याचार किसी एक वर्ग तक सीमित नहीं है। उन्होंने दावा किया कि अनुसूचित जाति के साथ-साथ ब्राह्मण समाज के लोग भी प्रताड़ना का सामना कर रहे हैं।
इसी दौरान उन्होंने बिहार के चर्चित भरत तिवारी एनकाउंटर का जिक्र करते हुए कहा कि इस मुद्दे को भी उत्तर प्रदेश चुनाव प्रचार के दौरान उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों का विरोध होना चाहिए और किसी भी वर्ग के साथ अन्याय स्वीकार नहीं किया जा सकता।
यूपी चुनाव पर बढ़ेगी सियासी हलचल
चिराग पासवान के इस ऐलान के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति में नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं। यदि उनकी पार्टी सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ती है, तो इसका असर राज्य के चुनावी समीकरणों पर पड़ सकता है। फिलहाल पार्टी संगठन विस्तार और चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देने में जुटी हुई है।


