भागलपुर में सरकारी जमीन की मापी के दौरान बवाल! महिला CO और पुलिस टीम पर हमला, पूर्व मुखिया समेत 9 घायल; मुख्य आरोपी पर केस दर्ज

भागलपुर: बिहार के भागलपुर जिले के शाहकुंड प्रखंड में सरकारी जमीन की मापी के दौरान बड़ा बवाल हो गया। वासुदेवपुर पंचायत के बरियारपुर गांव में सरकारी टीम पर ग्रामीणों द्वारा किए गए हमले में महिला अंचलाधिकारी (CO) डॉ. हर्षा कोमल, पुलिसकर्मी और राजस्व कर्मचारी घायल हो गए। इस हिंसक घटना में पूर्व मुखिया समेत कुल 9 लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित कई नामजद और 15–20 अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सरकारी जमीन की मापी के दौरान शुरू हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, पटल बाबू रोड निवासी सुदीप्तो बनर्जी की करीब 1 एकड़ 64 डिसमिल जमीन की सरकारी मापी की जा रही थी। इसी दौरान बंटीस यादव और उसके समर्थक मौके पर पहुंचे और सरकारी कार्रवाई का विरोध करते हुए हंगामा शुरू कर दिया।

लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से हमला

आरोप है कि हमलावर लाठी, डंडे और लोहे की रॉड से लैस होकर सरकारी टीम को चारों ओर से घेर लिया और हमला कर दिया। इस दौरान सरकारी कार्य में बाधा डालने के साथ गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और सुरक्षा में तैनात महिला गार्ड के साथ भी मारपीट की गई। इतना ही नहीं, साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से कैमरा भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया।

महिला CO घायल, तीन की हालत गंभीर

हमले में महिला अंचलाधिकारी डॉ. हर्षा कोमल के पैर में गंभीर चोट आई। उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।

घटना में पूर्व मुखिया अवधेश सिंह, निरंजन सिंह, नवल बिंद सहित कुल 9 लोग घायल हुए हैं। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुमित वर्मा के अनुसार, सिर में गंभीर चोट लगने के कारण पूर्व मुखिया सहित तीन घायलों को बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल रेफर किया गया है।

मुख्य आरोपी समेत कई लोगों पर FIR

घटना के बाद शाहकुंड थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी बंटीस यादव सहित कई नामजद और 15–20 अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।

पुलिस के अनुसार, कुछ ग्रामीण संबंधित जमीन पर अपना दावा कर रहे थे, लेकिन जांच के दौरान वे अपने दावे के समर्थन में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी

पुलिस ने बताया कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। घटना में शामिल आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी कार्य में बाधा डालने और अधिकारियों पर हमला करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

  • ये भी पढ़े..

    72वीं बीपीएससी प्रारंभिक परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, 996 केंद्रों पर 5 लाख से अधिक अभ्यर्थियों के लिए तैयारियों की बड़ी समीक्षा

    Share Add as a preferred…

    भोजपुर में होटल कारोबारियों पर आधी रात ताबड़तोड़ फायरिंग: सोने की चेन और कैश लूटा, सोन नदी के रास्ते फरार हुए बदमाश

    Share Add as a preferred…