भोजपुर में होटल कारोबारियों पर आधी रात ताबड़तोड़ फायरिंग: सोने की चेन और कैश लूटा, सोन नदी के रास्ते फरार हुए बदमाश

आरा/भोजपुर: बिहार के भोजपुर जिले में अपराधियों ने एक बार फिर बेखौफ वारदात को अंजाम देकर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कोइलवर थाना क्षेत्र में आधी रात करीब आधा दर्जन नकाबपोश बदमाशों ने तीन होटल कारोबारियों पर घात लगाकर हमला कर दिया। विरोध करने पर अपराधियों ने चार राउंड फायरिंग की और सोने की चेन तथा नकदी से भरा झोला लूटकर सोन नदी की ओर फरार हो गए। राहत की बात यह रही कि तीनों कारोबारी बाल-बाल बच गए।

होटल बंद कर लौट रहे थे कारोबारी

जानकारी के अनुसार, अतिथि रेस्टोरेंट एंड बैंक्वेट हॉल के संचालक अरविंद कुमार, अपने पार्टनर अभिषेक कुमार और बबलू गांधी के साथ गुरुवार देर रात होटल बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे कोइलवर नगर पंचायत के वार्ड-8 स्थित शिव मंदिर के पास पहुंचे, पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने दोनों बाइकों को घेर लिया।

चेहरा देखने की कोशिश पर बरसाईं गोलियां

पीड़ित अरविंद कुमार ने बताया कि सभी अपराधियों ने चेहरे पर गमछा बांध रखा था। जब उनके साथी बबलू गांधी ने बदमाशों का गमछा हटाकर पहचानने की कोशिश की, तो अपराधियों ने लगातार चार राउंड फायरिंग कर दी।

इसके बाद बदमाशों ने उनके गले से सोने की चेन और नकदी से भरा झोला लूट लिया।

दूसरे कारोबारी ने भागकर बचाई जान

घटना के दौरान दूसरे कारोबारी अभिषेक कुमार को भी अपराधियों ने पकड़ने का प्रयास किया। उन्होंने अपनी बाइक छोड़कर गली की ओर भागते हुए शोर मचाया। स्थानीय लोगों की आवाजाही बढ़ती देख बदमाश वहां से भाग निकले और सोन नदी की दिशा में फरार हो गए।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही कोइलवर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से फायरिंग के खोखे और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। बाद में फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके।

घनी आबादी वाले इलाके में वारदात से दहशत

जिस स्थान पर घटना हुई, वह कोइलवर का व्यस्त और घनी आबादी वाला इलाका है, जहां देर रात तक लोगों की आवाजाही रहती है। ऐसे इलाके में फायरिंग और लूट की वारदात के बाद स्थानीय लोगों में भय और दहशत का माहौल है।

पुलिस का दावा- जल्द होगी गिरफ्तारी

सदर एसडीपीओ-2 रंजीत कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है।

उन्होंने कहा कि फरार बदमाशों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।

  • ये भी पढ़े..

    72वीं बीपीएससी प्रारंभिक परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, 996 केंद्रों पर 5 लाख से अधिक अभ्यर्थियों के लिए तैयारियों की बड़ी समीक्षा

    Share Add as a preferred…

    मुंगेर झील में दर्दनाक हादसा: स्टेशन मास्टर के इकलौते बेटे की डूबने से मौत, चेतावनी के बावजूद गहरे पानी में उतरे थे पांच दोस्त

    Share Add as a preferred…