
मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के मुशहरी प्रखंड स्थित रोहुआ हाई स्कूल के पास शुक्रवार को नाला निर्माण के दौरान गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। पाइपलाइन कटते ही तेज आवाज के साथ गैस का रिसाव शुरू हो गया। घटना के समय स्कूल में पढ़ाई चल रही थी, जिससे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। गैस के प्रभाव से पांच छात्र बेहोश हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
तेज धमाके जैसी आवाज से दहशत
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खुदाई के दौरान जेसीबी मशीन गैस पाइपलाइन से टकरा गई। इसके बाद तेज आवाज हुई और आसपास गैस का गुबार फैल गया। उस समय स्कूल में कक्षाएं चल रही थीं। अचानक हुई घटना से छात्र-छात्राओं और शिक्षकों में दहशत फैल गई।
5 छात्रों को अस्पताल में कराया गया भर्ती
स्कूल प्रशासन, स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। प्रभावित पांच छात्रों को पहले मुशहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SKMCH) रेफर कर दिया गया।
प्रधानाध्यापक ने क्या बताया?
रोहुआ हाई स्कूल के प्रभारी प्रधानाध्यापक स्वामी सुधन ने बताया कि नाला निर्माण के दौरान अचानक तेज धमाके जैसी आवाज हुई, जिसके बाद गैस फैलने लगी।
उन्होंने बताया कि प्रभावित छात्रों में तीन नौवीं कक्षा, एक दसवीं कक्षा और एक अन्य छात्र शामिल हैं। फिलहाल सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है।
निर्माण एजेंसी का दावा
निर्माण कार्य के सुपरवाइजर अजीत कुमार ने बताया कि एक दिन पहले इंडियन ऑयल (IOCL) की टीम ने खुदाई रुकवा दी थी और शुक्रवार को अपनी मौजूदगी में कार्य कराने को कहा था।
उनके अनुसार, खुदाई के दौरान IOCL का कर्मचारी भी मौजूद था। रूट मार्कर के अनुसार पाइपलाइन की स्थिति बताई गई थी, लेकिन वास्तविक पाइपलाइन पहले मिल गई और जेसीबी की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गई।
जांच में जुटा प्रशासन
घटना के बाद गैस कंपनी, पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। रिसाव को नियंत्रित कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
प्रशासन यह भी पता लगा रहा है कि पाइपलाइन की वास्तविक स्थिति, रूट मार्किंग या निर्माण कार्य में कहीं लापरवाही तो नहीं हुई।
फिलहाल इलाके में स्थिति सामान्य है, लेकिन सुरक्षा के मद्देनजर पूरे क्षेत्र की निगरानी की जा रही है।


