
गोपालगंज | अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव के बीच बिहार के गोपालगंज जिले से एक दुखद खबर सामने आई है। परिजनों का दावा है कि संघर्ष के दौरान हुए एक हमले में दुबई में कार्यरत गोपालगंज के एक युवक की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है।
गोपालगंज का रहने वाला था युवक
मृतक की पहचान सोनू कुमार गुप्ता (30 वर्ष) के रूप में हुई है। वह गोपालगंज जिले के थावे थाना क्षेत्र के विदेशी टोला गांव का निवासी था। सोनू स्थानीय जूता-चप्पल व्यवसायी संजय गुप्ता का पुत्र था और पिछले करीब दो वर्षों से दुबई में एक शिप पर कार्यरत था।
सहकर्मियों ने दी मौत की सूचना
परिजनों के अनुसार, सोमवार रात सोनू के सहकर्मियों ने फोन कर घटना की जानकारी दी। उनका कहना था कि ईरान की ओर से अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाकर किए जा रहे हमलों के दौरान जहाज पर आग का गोला और मलबा गिरा, जिसकी चपेट में आने से सोनू की मौत हो गई।
सहकर्मी भी दहशत में
बताया जा रहा है कि सोनू के साथ काम करने वाले अन्य कर्मचारी भी लगातार हो रहे हवाई हमलों के कारण भय के माहौल में हैं। उन्होंने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।
परिवार ने सरकार से लगाई गुहार
सोनू कुमार की मौत की खबर मिलते ही गांव और परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार ने सरकार से सोनू के शव को भारत लाने और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
आधिकारिक पुष्टि का इंतजार
फिलहाल इस घटना को लेकर भारतीय अधिकारियों या संबंधित एजेंसियों की ओर से आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है। घटना के संबंध में आगे की जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।


