
पटना | राष्ट्रीय जनता दल (RJD) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के एक जबरा फैन की अनोखी दीवानगी इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। ओडिशा के रहने वाले मोहम्मद कृष्णा, जो चेन्नई में ऑटो चलाकर अपना परिवार चलाते हैं, सिर्फ लालू यादव से मिलने के लिए करीब 2,000 किलोमीटर ऑटो चलाकर पटना पहुंच गए।
सपना था लालू यादव से मिलने का
मोहम्मद कृष्णा ने बताया कि वह बचपन से ही लालू प्रसाद यादव के भाषण और वीडियो देखते रहे हैं। वर्षों से उनका सपना था कि एक दिन उनसे आमने-सामने मुलाकात हो। इसी इच्छा को पूरा करने के लिए उन्होंने ट्रेन या बस नहीं, बल्कि अपने ऑटो से लंबी यात्रा करने का फैसला किया।
लालू यादव ने बुलाकर की मुलाकात
जब लालू प्रसाद यादव को इस अनोखी यात्रा की जानकारी मिली तो उन्होंने अपने इस प्रशंसक को मिलने के लिए बुलाया। मुलाकात के दौरान लालू यादव ने मोहम्मद कृष्णा का गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें 10 हजार रुपये तथा एक उपहार भी भेंट किया।
इस मुलाकात की तस्वीरें आरजेडी नेता राजीव रंजन ने सोशल मीडिया पर साझा कीं, जो अब तेजी से वायरल हो रही हैं।
दो संदेश लेकर निकले थे सफर पर
मोहम्मद कृष्णा ने बताया कि उनकी यात्रा सिर्फ लालू यादव से मिलने के लिए नहीं थी, बल्कि वे दो सामाजिक संदेश भी लोगों तक पहुंचाना चाहते थे—
- “One World, One Family – Drop Food, Not Bombs”
यानी दुनिया में युद्ध नहीं, भोजन और शांति हो। - धर्म के नाम पर नफरत नहीं, भाईचारा हो
उनका कहना है कि इंसान का मूल्य उसके कर्म से होता है, धर्म से नहीं।
क्या बोले मोहम्मद कृष्णा?
“मैं ओडिशा का हूं, लेकिन चेन्नई में ऑटो चलाता हूं। बचपन से लालू जी का प्रशंसक हूं। उनसे मिलने का सपना था, इसलिए ऑटो से 2,000 किलोमीटर चलाकर पटना आया हूं।”
उन्होंने कहा कि उनकी इस यात्रा का उद्देश्य लोगों को अमन, शांति और भाईचारे का संदेश देना भी था।
सोशल मीडिया पर चर्चा
लालू यादव के इस फैन की अनोखी यात्रा और मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही हैं। लोग मोहम्मद कृष्णा की दीवानगी और उनके शांति संदेश की सराहना कर रहे हैं।


