
पटना: बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। इस बीच जेडीयू विधायक चेतन आनंद ने जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें भी एक बार चुनाव लड़ने की कोशिश करने दीजिए, लेकिन इस सीट पर एनडीए की जीत तय है।
‘एनडीए के पक्ष में हैं समीकरण’
मीडिया से बातचीत में चेतन आनंद ने दावा किया कि बांकीपुर उपचुनाव में चुनावी समीकरण पूरी तरह एनडीए के पक्ष में हैं और परिणाम भी उसी के अनुरूप आएगा।
प्रशांत किशोर पर साधा निशाना
जब उनसे प्रशांत किशोर के उस बयान पर सवाल पूछा गया, जिसमें उन्होंने विधायक बनने पर बाकी विधायकों पर “नकेल कसने” की बात कही थी, तो चेतन आनंद ने कहा कि “उन्हें भी एक बार कोशिश करने दीजिए।” उन्होंने यह भी याद दिलाया कि पिछले विधानसभा चुनाव में जन सुराज एक भी सीट नहीं जीत सकी थी और टिकट वितरण को लेकर भी पार्टी पर सवाल उठे थे।
आज नामांकन का अंतिम दिन
बांकीपुर उपचुनाव के लिए सोमवार नामांकन दाखिल करने का अंतिम दिन है। बीजेपी उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा और जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर आज अपना नामांकन दाखिल करेंगे। नामांकन के बाद दोनों नेता जनसभाओं के जरिए चुनाव प्रचार की शुरुआत करेंगे।
अब तक 11 उम्मीदवारों ने भरा पर्चा
निर्वाचन प्रक्रिया के तहत विभिन्न दलों और निर्दलीय प्रत्याशियों समेत अब तक 11 उम्मीदवार अपना नामांकन दाखिल कर चुके हैं। 30 जुलाई को मतदान होगा।
बीजेपी ने बदला था उम्मीदवार
गौरतलब है कि बीजेपी ने पहले अभिषेक कुमार सिन्हा उर्फ ‘बंटी’ को उम्मीदवार बनाया था। उन्होंने नामांकन भी दाखिल किया, लेकिन बाद में नाम वापस ले लिया। इसके बाद पार्टी ने नीरज कुमार सिन्हा को अपना नया उम्मीदवार घोषित किया, जो आज नामांकन दाखिल करेंगे।


