ढाका में बिहार की बेटी का दम, IFS पूजा झा ने भारत का गलत नक्शा दिखाए जाने पर जताई कड़ी आपत्ति

नई दिल्ली/ढाका: बिहार के सीतामढ़ी की रहने वाली भारतीय विदेश सेवा (IFS) अधिकारी पूजा कुमारी झा ने बांग्लादेश की राजधानी ढाका में आयोजित एक अंतरराष्ट्रीय सेमिनार के दौरान भारत का पक्ष मजबूती से रखा। सेमिनार में भारत का गलत नक्शा दिखाए जाने पर उन्होंने तत्काल आपत्ति दर्ज कराते हुए स्पष्ट कहा कि “जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है।”

सेमिनार में जताई आपत्ति

यह घटना बांग्लादेश इंस्टीट्यूट of International and Strategic Studies (BIISS) में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान हुई। सेमिनार में भारत में बांग्लादेश के पूर्व राजनयिक अहमद तारिक करीम प्रस्तुति दे रहे थे। इसी दौरान स्क्रीन पर भारत का ऐसा नक्शा प्रदर्शित किया गया, जिसमें जम्मू-कश्मीर को पाकिस्तान की ओर दर्शाया गया था।

इस पर भारतीय उच्चायोग में सेकंड सेक्रेटरी (पॉलिटिकल एंड इंफॉर्मेशन) के पद पर तैनात पूजा झा ने तुरंत आपत्ति जताते हुए कहा कि प्रदर्शित नक्शा गलत है और जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न हिस्सा है।

सोशल मीडिया पर हो रही सराहना

पूजा झा की इस त्वरित और स्पष्ट प्रतिक्रिया की सोशल मीडिया पर व्यापक सराहना हो रही है। लोग विदेश की धरती पर भारत की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का मजबूती से पक्ष रखने के लिए उनकी प्रशंसा कर रहे हैं।

पहले ही प्रयास में बनीं IFS अधिकारी

पूजा कुमारी झा 2022 बैच की IFS अधिकारी हैं। उन्होंने 2021 की UPSC सिविल सेवा परीक्षा अपने पहले ही प्रयास में पास की और ऑल इंडिया रैंक 82 हासिल की।

सीतामढ़ी से अंतरराष्ट्रीय मंच तक

पूजा बिहार के सीतामढ़ी जिले के पुरनहिया गांव की रहने वाली हैं। उनके पिता ने गुरुग्राम की एक निजी कंपनी में लगभग 40 वर्षों तक ऑफिस हेल्पर के रूप में काम किया, जबकि उनकी मां गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद परिवार ने शिक्षा को प्राथमिकता दी।

पांच बहनों में सबसे छोटी, मेहनत से बदली सोच

पूजा अपने परिवार की पांचवीं बेटी हैं। उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया था कि उन्होंने बचपन में समाज में बेटियों और बेटों के बीच भेदभाव को करीब से देखा, लेकिन अपनी मेहनत और सफलता से उस सोच को चुनौती दी।

सरकारी स्कूल से UPSC तक का सफर

आर्थिक परिस्थितियों के कारण पूजा ने सरकारी और एमसीडी स्कूलों में पढ़ाई की। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और आज अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए बिहार और देश दोनों का नाम रोशन कर रही हैं।

  • ये भी पढ़े..

    फैसल खान उर्फ खान सर और दोनों बॉडीगार्ड्स को बेल, अब रौशन आनंद की एफआईआर पर टिकी सबकी नजर

    Share Add as a preferred…

    खान सर को बड़ी राहत, पटना कोर्ट से मिली अग्रिम जमानत; दोनों बॉडीगार्ड्स भी हुए बेल पर रिहा

    Share Add as a preferred…