बिहार में RJD नेता सिकंदर अली पर ताबड़तोड़ फायरिंग, तीन गोली लगने से हालत गंभीर

बेगूसराय: बिहार के बेगूसराय में रविवार रात अपराधियों ने राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता, पूर्व जिला पार्षद और नगर परिषद अध्यक्ष सिकंदर अली पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना में उन्हें तीन गोलियां लगी हैं और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

फल मंडी में हुआ हमला

यह वारदात फुलवरिया थाना क्षेत्र के सिंधिया चौक स्थित फल मंडी के पास हुई। जानकारी के अनुसार, सिकंदर अली रात करीब 9 बजे बाजार करने पहुंचे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए अपराधियों ने बेहद करीब से उन पर कई राउंड फायरिंग कर दी।

गोली लगने के बाद वे सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।

भाई ने जताई पुरानी रंजिश की आशंका

सिकंदर अली के भाई मोहम्मद तबरेज आलम ने आरोप लगाया कि उनके भाई सामाजिक कार्यों में सक्रिय थे और पहले से कुछ अपराधियों से विवाद चल रहा था। उन्होंने दावा किया कि आरोपी के खिलाफ पहले भी शिकायत की जा चुकी थी।

राजद ने सरकार पर साधा निशाना

राजद जिलाध्यक्ष मोहित यादव ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि बेगूसराय में अपराधियों का मनोबल बढ़ गया है और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो पार्टी आंदोलन करेगी।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है।

मुख्यालय डीएसपी निखिल कुमार ने बताया कि मामले में सभी संभावित पहलुओं—पुरानी रंजिश, राजनीतिक दुश्मनी और अन्य कारणों—की जांच की जा रही है। परिजनों से आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

  • ये भी पढ़े..

    फैसल खान उर्फ खान सर और दोनों बॉडीगार्ड्स को बेल, अब रौशन आनंद की एफआईआर पर टिकी सबकी नजर

    Share Add as a preferred…

    ढाका में बिहार की बेटी का दम, IFS पूजा झा ने भारत का गलत नक्शा दिखाए जाने पर जताई कड़ी आपत्ति

    Share Add as a preferred…