20 जुलाई तक बंद रहेगा रोहतास का मांझर कुंड, पर्यटकों के प्रवेश पर रोक

रोहतास: बिहार के प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों में शामिल मांझर कुंड जलप्रपात को 20 जुलाई तक पर्यटकों के लिए बंद कर दिया गया है। रोहतास जिला प्रशासन ने बढ़ती भीड़, गंदगी और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया है।

डीएम-एसपी ने किया औचक निरीक्षण

रविवार को डीएम दीपक कुमार मिश्रा, एसपी रोशन कुमार और वन विभाग की टीम ने मांझर कुंड का निरीक्षण किया। इस दौरान पिकनिक मना रहे लोगों को मौके से हटाया गया और पूरे क्षेत्र की स्थिति का जायजा लिया गया।

प्लास्टिक और चूल्हे से बढ़ी चिंता

निरीक्षण में पाया गया कि कई पर्यटक गैस सिलेंडर और चूल्हा लेकर खाना बना रहे थे। वहीं प्लास्टिक बोतलें, पॉलीथिन, थर्मोकोल प्लेट और अन्य कचरा खुले में छोड़ दिया गया था, जिससे प्राकृतिक वातावरण और कैमूर वन्यजीव अभ्यारण्य पर प्रतिकूल असर पड़ रहा था।

20 जुलाई तक चलेगा सफाई अभियान

प्रशासन के अनुसार, प्रतिबंध अवधि के दौरान पूरे पर्यटन स्थल की विशेष सफाई कराई जाएगी और पर्यटकों की सुरक्षा व सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएंगी।

प्रवेश करने पर होगी कार्रवाई

डीएम ने स्पष्ट कहा है कि 20 जुलाई तक मांझर कुंड में पर्यटकों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। यदि कोई व्यक्ति आदेश का उल्लंघन करता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

प्राकृतिक धरोहर बचाने की पहल

हर मानसून में मांझर कुंड बड़ी संख्या में पर्यटकों को आकर्षित करता है। लेकिन बढ़ती भीड़ के साथ पर्यावरण संरक्षण की चुनौती भी सामने आती है। प्रशासन का कहना है कि यह कदम प्राकृतिक धरोहर और वन्यजीव अभ्यारण्य की सुरक्षा के लिए उठाया गया है।

  • ये भी पढ़े..

    ‘प्रशांत किशोर को भी एक बार कोशिश करने दीजिए’, बांकीपुर उपचुनाव पर बोले JDU विधायक चेतन आनंद

    Share Add as a preferred…

    13 से 15 जुलाई तक तेज आंधी, मेघगर्जन और 70 किमी/घंटा तक चल सकती हैं हवाएं, 18 जुलाई तक बारिश के आसार

    Share Add as a preferred…