
सुपौल: नेपाल के जलग्रहण क्षेत्र में लगातार हो रही मानसूनी बारिश का असर अब बिहार में भी दिखाई देने लगा है। कोसी नदी के जलप्रवाह में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की गई है। रविवार दोपहर 2 बजे तक कोसी बराज पर 1,30,760 क्यूसेक जलप्रवाह रिकॉर्ड किया गया, जबकि नेपाल के बराह क्षेत्र में 97,475 क्यूसेक पानी दर्ज हुआ। बढ़ते दबाव को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन कोसी बराज के 56 में से 17 फाटक खोल दिए हैं, ताकि अतिरिक्त पानी को सुरक्षित तरीके से डाउन स्ट्रीम में छोड़ा जा सके।
तटबंध सुरक्षित, अधिकारी अलर्ट मोड में
मुख्य अभियंता, वीरपुर स्थित बाढ़ नियंत्रण कक्ष के अनुसार फिलहाल कोसी के दोनों तटबंध पूरी तरह सुरक्षित हैं। नदी की स्थिति पर वरिष्ठ अधिकारी लगातार नजर बनाए हुए हैं और 24 घंटे मॉनिटरिंग की जा रही है।
पश्चिमी कोसी नहर में भी छोड़ा जा रहा पानी
बाढ़ नियंत्रण विभाग के मुताबिक 2,600 क्यूसेक पानी पश्चिमी कोसी नहर में छोड़ा जा रहा है, जबकि शेष 1,28,160 क्यूसेक पानी खुले फाटकों के जरिए डाउन स्ट्रीम की ओर प्रवाहित किया जा रहा है।
दिनभर ऐसे बढ़ता रहा जलप्रवाह
- सुबह 8 बजे: बराह क्षेत्र – 94,100 क्यूसेक | कोसी बराज – 1,25,110 क्यूसेक
- सुबह 10 बजे: बराह क्षेत्र – 96,150 क्यूसेक | कोसी बराज – 1,30,760 क्यूसेक
- दोपहर 12 बजे: बराह क्षेत्र – 99,500 क्यूसेक | कोसी बराज – 1,30,760 क्यूसेक
- दोपहर 2 बजे: बराह क्षेत्र – 97,475 क्यूसेक | कोसी बराज – 1,30,760 क्यूसेक (स्थिर)
प्रशासन की अपील
बाढ़ नियंत्रण कक्ष ने कहा है कि फिलहाल घबराने की कोई जरूरत नहीं है। सभी तटबंध सुरक्षित हैं और किसी भी संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। नदी के जलस्तर और मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।


