भोजपुर में दिनदहाड़े हिस्ट्रीशीटर की हत्या, जेल से जमानत पर बाहर आए युवक को गोलियों से भूना

आरा/भोजपुर: बिहार के भोजपुर जिले में अपराधियों ने रविवार को दिनदहाड़े एक हिस्ट्रीशीटर की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना बिहिया थाना क्षेत्र के टिपुरा गांव के समीप हुई, जहां बाइक से घर लौट रहे युवक पर घात लगाए बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद इलाके में दहशत फैल गई, जबकि पुलिस जांच में जुट गई है।

मृतक की पहचान जगदीशपुर थाना क्षेत्र के रूपबांध गांव निवासी 35 वर्षीय राजेश यादव के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, राजेश यादव हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आया था और उसके खिलाफ फायरिंग, हत्या के प्रयास, रंगदारी समेत करीब एक दर्जन आपराधिक मामले दर्ज थे।

घर लौटते समय बनाया निशाना

जानकारी के अनुसार, राजेश यादव किसी काम से बिहिया थाना क्षेत्र के कटेया गांव गया था। वहां से वह बाइक पर सवार होकर अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान टिपुरा गांव के पास पहले से घात लगाए अपराधियों ने उस पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं।

हमले में राजेश यादव के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में दो से तीन गोलियां लगीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गोलीबारी की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर पहुंचे, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे।

एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना मिलते ही बिहिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं। एफएसएल टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की है।

परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप

मृतक के परिजनों ने योगेंद्र यादव समेत कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे पुरानी रंजिश सहित सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है। नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

  • ये भी पढ़े..

    कटिहार रेल डिवीजन में बड़ी रेल परियोजना का दावा, चिकन नेक क्षेत्र में कनेक्टिविटी और सुरक्षा पर फोकस

    Share Add as a preferred…

    रैपिड रेल से पटना सिर्फ 40 मिनट में पहुंचने का दावा, एक्सप्रेस-वे और शहरी विकास परियोजनाओं पर सरकार का बड़ा फोकस

    Share Add as a preferred…