जिला विधिज्ञ संघ चुनाव: वीरेश मिश्र दोबारा अध्यक्ष, अंजनी कुमार फिर बने महासचिव

भागलपुर: जिला विधिज्ञ संघ, भागलपुर के सत्र 2026-28 के चुनाव में अध्यक्ष और महासचिव पद पर एक बार फिर पुराने नेतृत्व पर अधिवक्ताओं ने भरोसा जताया है। शनिवार देर शाम घोषित परिणामों में वीरेश मिश्र लगातार दूसरी बार अध्यक्ष निर्वाचित हुए, जबकि अंजनी कुमार ने भी लगातार दूसरी बार महासचिव पद पर जीत दर्ज की। कोषाध्यक्ष पद पर अंजनी कुमार सुमन ने बाजी मारी। परिणाम घोषित होते ही संघ परिसर में समर्थकों ने फूल-मालाएं पहनाकर विजयी उम्मीदवारों का स्वागत किया और जमकर जश्न मनाया।

अध्यक्ष पद पर 280 मतों से दर्ज की जीत

अध्यक्ष पद के मुकाबले में वीरेश मिश्र ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी मुक्ति प्रसाद को 280 मतों के अंतर से हराया। वीरेश मिश्र को कुल 976 मत मिले, जबकि मुक्ति प्रसाद को 696 मत प्राप्त हुए। इस मुकाबले में देवेंद्र वर्मा तीसरे स्थान पर रहे, जिन्हें 257 मत मिले।

महासचिव पद पर अंजनी कुमार की लगातार दूसरी जीत

महासचिव पद पर भी अधिवक्ताओं ने अनुभव को प्राथमिकता दी। अंजनी कुमार को 802 मत मिले और उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी मृत्युंजय कुमार को 126 मतों के अंतर से पराजित किया। मृत्युंजय कुमार को 676 मत मिले, जबकि विमल कुमार विमल 291 मतों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

कोषाध्यक्ष पद पर अंजनी कुमार सुमन विजयी

कोषाध्यक्ष पद के चुनाव में अंजनी कुमार सुमन ने जीत दर्ज की। उन्हें 554 मत प्राप्त हुए। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी पंकज शांडिल्य को 396 मत और सुनील कुमार को 395 मत मिले। अंजनी कुमार सुमन ने मात्र 158 मतों के अंतर से यह मुकाबला अपने नाम किया।

आज होगी अन्य पदों की मतगणना

निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि अध्यक्ष, महासचिव और कोषाध्यक्ष पदों के परिणाम घोषित होने के बाद अब रविवार को उपाध्यक्ष, संयुक्त सचिव, वरीय सदस्य, कार्यकारिणी सदस्य तथा अन्य पदों के लिए मतगणना होगी। इन पदों के परिणाम भी दिन में घोषित किए जाने की संभावना है।

मतगणना के दौरान हुआ विरोध-प्रदर्शन

मतगणना के दौरान एक प्रत्याशी की ओर से मतपेटियों की संख्या को लेकर आपत्ति दर्ज कराई गई। कुछ समय के लिए विरोध-प्रदर्शन भी हुआ, लेकिन निर्वाचन पदाधिकारियों ने स्थिति स्पष्ट करते हुए प्रक्रिया को सुचारु रूप से आगे बढ़ाया। इसके बाद शांतिपूर्ण माहौल में मतगणना पूरी कर परिणाम घोषित कर दिए गए।

जीत के बाद समर्थकों में उत्साह

परिणाम घोषित होते ही जिला विधिज्ञ संघ परिसर में विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। अधिवक्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर और फूल-मालाएं पहनाकर जीत का जश्न मनाया। विजयी उम्मीदवारों ने सभी अधिवक्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे संघ की गरिमा बनाए रखने, अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा करने और न्यायिक व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाने का कार्य करेंगे।

  • ये भी पढ़े..

    भागलपुर में घर में घुसकर किशोरी पर जानलेवा हमला, नकाबपोश ने गला दबाया, चाकू से किया वार; गांव में दहशत

    Share Add as a preferred…

    सीवान में नकली नोट छापने वाले संगठित गिरोह का खुलासा, 5.45 लाख के जाली नोट, मशीन और कई उपकरण जब्त

    Share Add as a preferred…